बरसात के मौसम में बाल झड़ने की समस्या कई लोगों को परेशान करती है। तनाव, बढ़ता प्रदूषण, अनियमित खानपान और गलत हेयर केयर रूटीन इसके प्रमुख कारण माने जाते हैं। ऐसे में कई लोग महंगे हेयर प्रोडक्ट्स का सहारा लेते हैं, लेकिन कुछ घरेलू उपाय भी बालों की देखभाल में मददगार हो सकते हैं। इन्हीं घरेलू उपायों में एलोवेरा और गुड़हल से तैयार किया गया तेल काफी लोकप्रिय माना जाता है। एलोवेरा में मौजूद विटामिन और मिनरल्स बालों को पोषण देने में मदद करते हैं, जबकि गुड़हल के फूल बालों की जड़ों को मजबूत बनाने और उनकी प्राकृतिक चमक बनाए रखने में सहायक माने जाते हैं।
ऐसे तैयार करें एलोवेरा और गुड़हल का तेल
सामग्री
200–250 ग्राम नारियल का तेल
5–6 गुड़हल के फूल
1 मध्यम आकार का एलोवेरा
बनाने की विधि
सबसे पहले गुड़हल के फूलों को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद एलोवेरा का ताजा पल्प निकाल लें। एक मोटे तले की कड़ाही में नारियल का तेल गर्म करें और उसमें गुड़हल के फूल व एलोवेरा का पल्प डाल दें। धीमी आंच पर 10–15 मिनट तक पकाएं, ताकि दोनों के पोषक तत्व तेल में अच्छी तरह मिल जाएं। जब एलोवेरा सूखने लगे और सामग्री का रंग भूरा या काला दिखने लगे, तब गैस बंद कर दें। तेल को ठंडा होने दें और फिर छानकर किसी साफ बोतल में भर लें। ध्यान रखें कि तेल को तेज आंच पर न पकाएं, क्योंकि इससे इसके पोषक तत्व प्रभावित हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें: खाने में तेल ज्यादा हो जाए तो न फेंकें सब्जी, अपनाएं ये आसान उपाय
इस्तेमाल कैसे करें?
बेहतर परिणाम के लिए इस तेल को सप्ताह में दो बार रात के समय बालों की जड़ों में लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। अगली सुबह माइल्ड शैंपू से बाल धो लें।
written by Rozi Sinha