भारत में सोना सिर्फ आभूषण नहीं, बल्कि बचत और निवेश का एक भरोसेमंद माध्यम माना जाता है। अधिकांश परिवार सोना खरीदकर उसे बैंक लॉकर या घर की तिजोरी में सुरक्षित रख देते हैं। हालांकि समय के साथ सोने की कीमत बढ़ सकती है, लेकिन लॉकर में पड़ा सोना नियमित आय नहीं देता। ऐसे में गोल्ड लीजिंग (Gold Leasing) एक ऐसा विकल्प बनकर उभरा है, जो आपके निष्क्रिय सोने को कमाई का जरिया बना सकता है।
गोल्ड लीजिंग क्या होता है?
गोल्ड लीजिंग एक ऐसी व्यवस्था है, जिसमें सोने का मालिक अपना सोना किसी ज्वेलर या वित्तीय संस्था को निश्चित अवधि के लिए उपयोग करने हेतु देता है। बदले में उसे उस सोने पर रिटर्न या ब्याज मिलता है। खास बात यह है कि सोने का निवेशक के पास ही बना रहता है।
गोल्ड लीजिंग की पूरी प्रक्रिया
आमतौर पर ज्वेलर्स को गहने बनाने के लिए बड़ी मात्रा में सोने की जरूरत होती है। गोल्ड लीजिंग के जरिए वे सोना उधार लेते हैं और इसके बदले निवेशकों को लगभग 2% से 7% तक वार्षिक रिटर्न देते हैं। यह रिटर्न अक्सर नकद की बजाय अतिरिक्त सोने के रूप में मिलता है। उदाहरण के लिए, यदि किसी व्यक्ति ने 100 ग्राम सोना लीज पर दिया है, तो अवधि पूरी होने पर उसे मूल 100 ग्राम सोना और तय ब्याज के अनुसार अतिरिक्त ग्राम सोना प्राप्त हो सकता है।
बैंक में गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम के तहत मिलती है सुविधाएं
कुछ बैंक भी गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम के तहत ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। वहीं कुछ फिनटेक प्लेटफॉर्म निवेशकों और ज्वेलर्स के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाते हैं। हालांकि डिजिटल गोल्ड की लीजिंग को लेकर अभी स्पष्ट और व्यापक नियम के ढांचा मौजूद नहीं है, इसलिए इसमें अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।
गोल्ड लीजिंग का फायदा
गोल्ड लीजिंग का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बिना सोना बेचे उस पर आय अर्जित की जा सकती है। साथ ही, ब्याज भी सोने के रूप में मिलने से भविष्य में कीमत बढ़ने का लाभ मिल सकता है। दूसरी ओर, इसमें डिफॉल्ट, लिक्विडिटी और प्लेटफॉर्म से जुड़े जोखिम भी मौजूद हैं। यदि ज्वेलर या संस्था सोना लौटाने में असफल रहती है, तो निवेशक को नुकसान उठाना पड़ सकता है।
गोल्ड लीजिंग में निवेश से पहले कानूनी शर्तों को अच्छे से जांच लें
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि गोल्ड लीजिंग में निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता, बीमा कवर, ऑडिट व्यवस्था और कानूनी शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें। सही जानकारी और सावधानी के साथ गोल्ड लीजिंग सोने से अतिरिक्त कमाई का एक आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है।
Disclaimer: यह लेख केवल जानकारी के उद्देश्य से है। इसे निवेश सलाह न माना जाए। किसी भी निवेश संबंधी निर्णय से पहले योग्य वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें।
Written By: Geeta Sharma