बरसात का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं रसोई में रखे आलू और प्याज की देखभाल मुश्किल बना देता है। इस मौसम में बढ़ी हुई नमी और सीलन के कारण ये जल्दी खराब होने लगते हैं। कई बार एक सड़ा हुआ आलू या प्याज पूरे स्टॉक को नुकसान पहुंचा देता है। ऐसे में अगर कुछ आसान बातों का ध्यान रखा जाए, तो इन्हें लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

क्यों जल्दी खराब होते हैं आलू और प्याज
बारिश के दिनों में हवा में नमी अधिक होती है, जिससे बैक्टीरिया और फफूंदी तेजी से पनपते हैं। यदि आलू और प्याज को बंद या बिना हवा वाली जगह पर रखा जाए, तो उनमें सड़न जल्दी शुरू हो जाती है। आलू में इस दौरान फफूंदी और अन्य रोग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है, जबकि प्याज में नमी के कारण गलने की समस्या आम हो जाती है।

आलू और प्याज को साथ रखने से बचें
अक्सर लोग आलू और प्याज को एक ही टोकरी या अलमारी में रख देते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं माना जाता। प्याज से निकलने वाली गैस आलू को जल्दी अंकुरित कर सकती है, जबकि आलू की नमी प्याज को खराब करने का कारण बन सकती है। इसलिए दोनों को अलग-अलग स्थान पर स्टोर करना बेहतर रहता है।

आलू रखने का सही तरीका
आलू को हमेशा ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें। इन्हें जालीदार टोकरी, सूती थैले या कागज के बैग में रखना बेहतर होता है ताकि हवा का संचार बना रहे। आलू को स्टोर करने से पहले धोना नहीं चाहिए। यदि मिट्टी लगी हो तो उसे हल्के हाथ से साफ कर दें। फ्रिज में आलू रखने से भी बचना चाहिए, क्योंकि कम तापमान उसकी गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है।

यह भी पढ़ें: Breakfast Recipe: नाश्ते में बनाएं हाई-प्रोटीन सोया पोहा, स्वाद भी मिलेगा और सेहत भी रहेगी दुरुस्त

प्याज कैसे रखें?
प्याज को भी ऐसी जगह रखें जहां अच्छी हवा आती-जाती हो। जालीदार टोकरी या वायर बास्केट इसके लिए सबसे उपयुक्त मानी जाती है। इसे नमी और सीधी धूप से दूर रखें, ताकि लंबे समय तक ताजा बना रहे।

प्लास्टिक बैग से करें परहेज
प्लास्टिक की थैली में आलू और प्याज रखने से हवा नहीं पहुंचती और अंदर नमी जमा होने लगती है। इससे फफूंदी और सड़न का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। इसलिए प्लास्टिक बैग की जगह सूती थैले या खुली टोकरी का इस्तेमाल करें।

समय-समय पर करें जांच
बरसात के मौसम में सप्ताह में कम से कम एक बार आलू और प्याज की जांच जरूर करें। यदि कोई आलू या प्याज नरम, अंकुरित या सड़ा हुआ दिखाई दे, तो उसे तुरंत अलग कर दें। इससे बाकी स्टॉक सुरक्षित रहेगा और लंबे समय तक खराब नहीं होगा।