आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है, जिसमें पांच नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा। इन पदों के लिए नामों पर देर रात तक विचार-विमर्श चलता रहा, और संभावना है कि अंतिम घोषणा शपथ ग्रहण से ठीक पहले की जाए।
आज लेगें शपथ
राजभवन में शुक्रवार सुबह 10 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां नए मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। उल्लेखनीय है कि मंत्रिमंडल में ये पांच स्थान लंबे समय से खाली थे। इनमें से तीन सीटें वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद से ही रिक्त थीं। एक सीट चंदन रामदास के निधन के कारण खाली हुई, जबकि दूसरी सीट प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद रिक्त हो गई थी।
पार्टी कोई सीट नहीं रखना चाहती खाली
चुनाव नजदीक होने के कारण भारतीय जनता पार्टी अब कोई भी सीट खाली नहीं रखना चाहती। इस विस्तार के जरिए पार्टी क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में अलग-अलग क्षेत्रों—जैसे देहरादून, रुद्रप्रयाग-चमोली, टिहरी-उत्तरकाशी, हरिद्वार, पिथौरागढ़-बागेश्वर और नैनीताल-ऊधमसिंह नगर—से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा, साथ ही युवा, महिला और अनुभवी चेहरों का संतुलन भी साधा जाएगा।
23 मार्च को धामी सरकार के चार साल होंगे पूरे
23 मार्च को धामी सरकार के चार वर्ष पूरे हो रहे हैं। इससे पहले मंत्रिमंडल का पूर्ण गठन सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इसके बाद पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में उतरने की तैयारी में है। फिलहाल, किन विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा, इस पर सस्पेंस बरकरार है। सूत्रों के मुताबिक, रणनीतिक कारणों से नामों को अभी सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है, ताकि अंतिम क्षण तक राजनीतिक संतुलन बनाए रखा जा सके।
Written By Toshi Shah