Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज होती दिख रही है। नाना पटोले ने राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के हालिया दिल्ली दौरे को लेकर बड़ा दावा किया है। 18 मार्च को मीडिया से बातचीत में पटोले ने संकेत दिया कि राज्य में जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर हो सकता है।

'महाराष्ट्र होने वाला है बड़ा खेला'

मीडिया से बातचीत के दौरान पटोले ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियां कुछ असामान्य संकेत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें यह नहीं लगता कि बीजेपी, देवेंद्र फडणवीस को हटाकर एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाएगी, लेकिन जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उससे कुछ बड़ा होने वाला है।

 

पटोले ने किया बीजेपी में अंदरूनी कलह का दाना

पटोले ने शिंदे की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिंदे साहब की खुद की हालत ठीक नहीं है। बीजेपी ने उनके लिए कैसी परिस्थितियां बना रखी हैं, यह उनके रहन-सहन से साफ दिखता है। उनके मंत्री और विधायक भी इस स्थिति को समझ रहे हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य में आम जनता को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जैसे गैस की कमी, रोजमर्रा की वस्तुओं की उपलब्धता में दिक्कत और उद्योगों का बंद होना। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार मीडिया पर दबाव बना रही है।

राजनीतिक गतिविधियों पर कांग्रेस ने जताया संदेह

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली जाकर शिकायत करने से कुछ हासिल नहीं होगा। फडणवीस मेरे ऊपर अत्याचार कर रहे हैं, यह बात दिल्ली में बताने से कुछ नहीं होने वाला। लेकिन जिस तरह का व्यवहार और राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं, उससे लगता है कि कुछ बड़ा खेला हो सकता है।

17 मार्च को पीएम से मिले थे एकनाथ शिंदे

गौरतलब है कि मंगलवार 17 मार्च को एकनाथ शिंदे ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान पार्टी के कुछ सांसद भी मौजूद थे। शिंदे ने अपने दौरे को सामान्य बताते हुए कहा कि संसद सत्र के दौरान उनका दिल्ली आना-जाना लगा रहता है।

शिवसेना ने शिंदे गुट पर साधा निशाना

वहीं, शिवसेना ने इस मुलाकात पर निशाना साधा है। बता दें, शिवसेना पार्टी ने तंज कसते हुए कहा कि शिंदे गुट के असल नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हैं और वे उन्हीं से निर्देश लेने दिल्ली जाते हैं। इन बयानों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, हालांकि अभी तक किसी बड़े राजनीतिक फेरबदल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Writen By: Geeta Sharma