दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार राजधानी की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। बता दें कि इसके तहत जीटीबी अस्पताल, दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (DSCI) और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल (RGSSh) को एकीकृत कर AIIMS जैसी स्वायत्त संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही, इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (IHABAS) को भविष्य में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य और तंत्रिका विज्ञान संस्थान-2 (NIMHANS-2) के रूप में विकसित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हाल ही में दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बता दें कि इस बैठक में राजधानी के प्रमुख सरकारी चिकित्सा संस्थानों के एकीकरण, संसाधनों के बेहतर उपयोग और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थानों के एकीकरण से डॉक्टरों, विशेषज्ञों, उपकरणों और आधारभूत संरचना का अधिक प्रभावी उपयोग होगा, जिससे मरीजों को सुव्यवस्थित और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का सुव्यवस्थित वितरण
मुख्यमंत्री ने बताया कि अस्पतालों के एकीकरण के बाद विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का सुव्यवस्थित वितरण किया जाएगा, जिससे मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ उपचार मिल सके। इसके तहत राजीव गांधी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, पल्मोनोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, रूमेटोलॉजी और क्लीनिकल हेमेटोलॉजी जैसी सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को कैंसर उपचार का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा, जहां रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पेलिएटिव केयर और रेडियो इमेजिंग जैसी सेवाओं को समेकित किया जाएगा। वहीं, गुरु तेग बहादुर अस्पताल में ऑर्थोपेडिक्स, इंटरनल मेडिसिन, ईएनटी, जनरल सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, एंडोक्रिनोलॉजी और नेत्र रोग सहित कई विभागों को और मजबूत किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा इहबास
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार IHABAS को बेंगलुरु के प्रतिष्ठित संस्थान निमहंस की तर्ज पर निमहंस-2 के रूप में विकसित करेगी, जिसके लिए IHABAS अपनी 75 एकड़ खाली भूमि गुरु तेग बहादुर अस्पताल (GTBH) को सौंपेगा और इसे एक विशाल एकीकृत संस्थान में बदल दिया जाएगा। आपको बता दें कि वर्तमान में IHABAS के पास कुल 111.69 एकड़ भूमि है, जिसमें अधिकांश हिस्सा खाली और भविष्य के विस्तार के लिए उपयुक्त है। सीएम ने कहा कि पुराने भवनों की जगह आधुनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा, हॉस्टल, अत्याधुनिक लैब, ऑडिटोरियम और लेक्चर थिएटर तैयार किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य इन चारों संस्थानों को एक साथ लाकर दिल्ली को राष्ट्रीय चिकित्सा उत्कृष्टता का केंद्र बनाना है, जिससे मरीजों को विश्व स्तरीय उपचार मिले और अनुसंधान व चिकित्सा शिक्षा में दिल्ली देश का नेतृत्व करे।
Written By - Namita Verma