नई-नई ब्लैक या डार्क ब्लू जींस पहनने का अलग ही स्टाइल होता है। गहरा रंग जींस को प्रीमियम और आकर्षक लुक देता है, लेकिन कुछ ही वॉश के बाद इसका रंग हल्का पड़ने लगे तो पूरा लुक खराब हो जाता है। खासकर डेनिम की सही देखभाल न की जाए तो महंगी जींस भी कुछ समय बाद पुरानी नजर आने लगती है। हालांकि, जींस का रंग लंबे समय तक बरकरार रखने के लिए हर बार महंगे प्रोडक्ट खरीदने की जरूरत नहीं है। धोने के तरीके में कुछ छोटे बदलाव करके आपअपनी पसंदीदा डार्क जींस को काफी लंबे समय तक नया जैसा बनाए रख सकते हैं।
पहली धुलाई से पहले आजमाएं सिरका और नमक
नई डार्क जींस को पहली बार धोने से पहले एक आसान उपाय किया जा सकता है। ठंडे पानी से भरी बाल्टी में करीब आधा कप सफेद सिरका और दो चम्मच नमक डालें। अब जींस को इस पानी में करीब 30 मिनट तक भिगोकर रखें और इसके बाद सामान्य तरीके से धो लें। यह तरीका डेनिम से अतिरिक्त डाई निकलने को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसे रंग को हमेशा के लिए 'लॉक' करने का पक्का तरीका नहीं माना जाना चाहिए।
जींस को धोते समय अंदर की तरफ करें
डार्क डेनिम की बाहरी सतह को ज्यादा रगड़ और डिटर्जेंट से बचाना जरूरी है। इसके लिए जींस को धोने से पहले हमेशा अंदर की तरफ पलट लें। इससे कपड़े की बाहरी सतह पर घर्षण कम होगा और रंग लंबे समय तक बेहतर दिखाई दे सकता है।
यह भी पढ़ें : घर में पोछा लगाने का सही समय क्या है? सुबह या शाम, जानिए किस वक्त मिलेगी सबसे बेहतर सफाई
गर्म पानी से बनाएं दूरी
डार्क जींस के लिए ठंडा पानी सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। बहुत गर्म पानी और तेज धुलाई से डेनिम पर ज्यादा असर पड़ सकता है और समय के साथ उसका रंग फीका नजर आने लगता है। इसलिए जींस धोते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल करें।
तेज डिटर्जेंट की जगह माइल्ड क्लीनर
हर डिटर्जेंट डेनिम के लिए सही नहीं होता। खासकर ब्लीच या बहुत मजबूत केमिकल वाले क्लीनर से डार्क जींस का रंग तेजी से प्रभावित हो सकता है। जींस धोने के लिए कम मात्रा में माइल्ड या डार्क-क्लॉथ फ्रेंडली लिक्विड डिटर्जेंट इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प है।
बार-बार मशीन वॉश करने से बचें
जींस को हर बार पहनने के बाद धोना जरूरी नहीं होता, जब तक वह गंदी या बदबूदार न हो। जरूरत पड़ने पर ही वॉश करें। मशीन में धोते समय तेज स्पिन के बजाय जेंटल या डेलिकेट साइकिल का चुनाव करें। इससे डेनिम पर पड़ने वाला घर्षण कम किया जा सकता है।
तेज धूप में न सुखाएं
धुलाई के बाद जींस को सुखाने का तरीका भी उसके रंग पर असर डाल सकता है। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से डार्क फैब्रिक का रंग धीरे-धीरे हल्का हो सकता है। इसलिए जींस को उल्टा करके छांव वाली और अच्छी हवा आने वाली जगह पर सुखाना बेहतर रहेगा।
written by Rozi Sinha