दुबई ने अपने रियल एस्टेट सेक्टर को मजबूती देने और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए वीजा नियमों में बड़ा बदलाव किया है। इस नए फैसले के तहत अब छोटे निवेशक भी दुबई में प्रॉपर्टी खरीदकर रेजिडेंसी वीजा हासिल कर सकेंगे। सरकार ने दो साल के प्रॉपर्टी-लिंक्ड रेजिडेंसी वीजा के लिए न्यूनतम संपत्ति मूल्य की अनिवार्यता को समाप्त कर दिया है, जिससे मिड-इनकम वर्ग के निवेशकों के लिए बाजार में प्रवेश पहले के मुकाबले कहीं आसान हो गया है।
नए नियमों के अनुसार दुबई में घर खरीदा सकता है
पहले नियमों के अनुसार, किसी भी विदेशी निवेशक को दुबई में रेजिडेंसी वीजा पाने के लिए कम से कम AED 750,000 (लगभग 1.9 करोड़ रुपये) की संपत्ति खरीदना जरूरी था। यह शर्त छोटे और मध्यम वर्ग के निवेशकों के लिए एक बड़ी बाधा थी। लेकिन अब इस न्यूनतम निवेश सीमा को हटा दिया गया है, जिससे कम बजट वाले निवेशक भी इस अवसर का लाभ उठा सकेंगे।
सरकार ने संयुक्त निवेश में एक नई शर्त लागू की
हालांकि, सरकार ने संयुक्त निवेश (जॉइंट प्रॉपर्टी) के मामलों में एक नई शर्त लागू की है। यदि किसी प्रॉपर्टी में एक से अधिक निवेशक शामिल हैं, तो प्रत्येक निवेशक की हिस्सेदारी कम से कम AED 400,000 (करीब 1.03 करोड़ रुपये) होनी चाहिए। पहले यह सीमा प्रति निवेशक AED 750,000 थी। इस बदलाव से जहां छोटे निवेशकों को राहत मिली है, वहीं सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि वीजा नियमों का दुरुपयोग न हो।
मिड-सेगमेंट के निवेशकों के लिए बड़ा अवसर
एक रिपोर्ट के अनुसार यह कदम दुबई के प्रॉपर्टी बाजार में नई जान फूंक सकता है। खासकर मिड-सेगमेंट के निवेशकों के लिए यह एक बड़ा अवसर साबित होगा। इससे उन प्रॉपर्टीज की बिक्री में भी तेजी आ सकती है, जो पहले वीजा के लिए योग्य नहीं मानी जाती थीं।
मिडिल ईस्ट में तनाव का पड़ रहा प्रभाव
यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब क्षेत्रीय भू-राजनीतिक तनाव, विशेष रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास बढ़ती अनिश्चितता, रियल एस्टेट बाजार को प्रभावित कर रही है। हाल के महीनों में दुबई में प्रॉपर्टी की बिक्री में कुछ गिरावट देखने को मिली है। इस कारण डेवलपर्स को ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए डिस्काउंट और आसान पेमेंट प्लान जैसे विकल्प पेश करने पड़ रहे हैं।
रियल एस्टेट सेक्टर को देगा गति
दुबई का यह कदम रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति देने के साथ-साथ निवेशकों के लिए अधिक समावेशी और आकर्षक माहौल तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Written By: Geeta Sharma