सुबह के समय काम की जल्दी में अक्सर यही सोचने में समय निकल जाता है कि नाश्ते में आखिर ऐसा क्या बनाया जाए, जो स्वादिष्ट होने के साथ पेट भी भर दे। अगर आप भी रोजाना के पराठे, पोहा या ब्रेड से कुछ अलग ट्राय करना चाहते हैं, तो आलू-पनीर और स्वीट कॉर्न सैंडविच एक बढ़िया विकल्प हो सकता है। इसे बनाना आसान है और इसमें आलू, पनीर व कॉर्न की स्वादिष्ट स्टफिंग ब्रेड के साथ मिलकर इसे खास बना देती है। बच्चों से लेकर बड़ों तक इसे आसानी से पसंद किया जा सकता है।

आलू-पनीर कॉर्न सैंडविच के लिए सामग्री
ब्रेड स्लाइस- 4
उबले आलू- 2
कद्दूकस किया हुआ पनीर- आधा कप
उबले स्वीट कॉर्न- आधा कप
बारीक कटा प्याज- 1 छोटा
हरी मिर्च- 1
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
चाट मसाला- आधा छोटा चम्मच
चिली फ्लेक्स- आधा छोटा चम्मच
ओरिगैनो- आधा छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर- स्वादानुसार
नमक- स्वादानुसार
मक्खन- सेंकने के लिए
हरी चटनी और टोमैटो सॉस- जरूरत के अनुसार

ऐसे तैयार करें स्टफिंग
सबसे पहले एक पैन को गैस पर रखें और उसमें थोड़ा मक्खन गर्म करें। मक्खन पिघलने के बाद इसमें बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें। अब इसमें मैश किए हुए उबले आलू, कद्दूकस किया हुआ पनीर और स्वीट कॉर्न डालें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाने के बाद इसमें चाट मसाला, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, काली मिर्च और नमक डालकर कुछ देर पकाएं। अगर आपको सैंडविच का स्वाद ज्यादा क्रीमी पसंद है, तो इसमें थोड़ा मेयोनेज़ या चीज़ स्प्रेड भी मिलाया जा सकता है। तैयार मिश्रण को अच्छी तरह मिक्स करके गैस बंद कर दें।

ब्रेड पर लगाएं तैयार स्टफिंग
अब ब्रेड की दो स्लाइस लें। एक स्लाइस पर हरी चटनी या थोड़ा मक्खन लगाएं, जबकि दूसरी पर टोमैटो सॉस लगाया जा सकता है। इसके बाद एक स्लाइस पर तैयार आलू-पनीर-कॉर्न की स्टफिंग को अच्छी तरह फैलाएं। ऊपर से दूसरी ब्रेड स्लाइस रखकर हल्के हाथ से दबा दें।

तवे पर ऐसे करें क्रिस्पी
अब तवा या सैंडविच मेकर गर्म करें। ब्रेड की बाहरी सतह पर थोड़ा मक्खन लगाकर सैंडविच को तवे पर रखें। इसे धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सेंकें, जब तक कि ब्रेड सुनहरी और कुरकुरी न हो जाए। सैंडविच के अच्छी तरह टोस्ट हो जाने के बाद इसे तिरछा काटकर हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें। सुबह के नाश्ते के अलावा इसे बच्चों के टिफिन या शाम के हल्के स्नैक के तौर पर भी तैयार किया जा सकता है।