हरियाणा के अंबाला जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बराड़ा क्षेत्र के पास की गई। आरोपियों के पास से लगभग दो किलोग्राम (करीब 1 किलो 975 ग्राम) विस्फोटक बरामद हुआ है।

बरामद विस्फोटक को निष्क्रिय किया गया

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बम निरोधक दस्ता मौके पर बुलाया गया, जिसने बरामद विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया। गिरफ्तार किए गए युवकों में एक अंबाला जिले के कंबासी गांव का निवासी है, जबकि बाकी दो युवक अजमेर और मेरठ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

अंबाला जा रहे थे युवक

एसटीएफ के डीएसपी अमन के अनुसार, टीम को पहले से खुफिया सूचना मिली थी कि तीन युवक संदिग्ध विस्फोटक लेकर बराड़ा की ओर से अंबाला की दिशा में आ रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी प्रतीक कुमार के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इसी दौरान बाइक पर आते हुए तीनों युवकों को रास्ते में ही पकड़ लिया गया।

जांच में जुटी एसटीएफ

तलाशी लेने पर उनके पास से एक बैग मिला, जिसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। फिलहाल जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके संबंध किन लोगों से जुड़े हैं और वे इस विस्फोटक को लेकर कहां जाने वाले थे।

 Written By Toshi Shah