रियलिटी शो बिग बॉस 20 का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शो के मेकर्स ने आखिरकार इसका पहला फुल प्रोमो जारी कर दिया है, जिसके साथ ही प्रीमियर की तारीख और टेलीकास्ट का समय भी आधिकारिक तौर पर सामने आ गया है। हर साल की तरह इस बार भी बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान शो को होस्ट करते नजर आएंगे और प्रोमो में उनकी दमदार एंट्री ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है।
कब और कहां देख सकेंगे Bigg Boss 20?
जारी किए गए प्रोमो के मुताबिक, 'बिग बॉस 20' का ग्रैंड प्रीमियर 6 सितंबर 2026 को होगा। दर्शक इस शो को सबसे पहले रात 9 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम कर सकेंगे। वहीं, टीवी दर्शकों के लिए इसका प्रसारण उसी दिन रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर किया जाएगा। यानी इस बार भी ओटीटी दर्शकों को टीवी से पहले शो देखने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें : बदले हुए लुक पर सलमान खान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- मैंने 16 किलो वजन...
सलमान खान के डायलॉग ने बढ़ाई उत्सुकता
प्रोमो में सलमान खान एक दिलचस्प डायलॉग बोलते नजर आते हैं, जो 'करण अर्जुन' में हुआ था, वही अब 'बिग बॉस' में होगा... तथास्तु! सलमान के इस संवाद ने सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। फैंस कयास लगा रहे हैं कि यह लाइन सिर्फ फिल्म का संदर्भ नहीं, बल्कि 'बिग बॉस 20' के सबसे बड़े ट्विस्ट या थीम की ओर इशारा हो सकती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक शो की थीम या कंटेस्टेंट्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
फैंस में बढ़ा उत्साह
प्रोमो रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर #BiggBoss20 ट्रेंड करने लगा। दर्शक अब यह जानने के लिए उत्साहित हैं कि इस बार शो में कौन-कौन से सेलेब्रिटी और चर्चित चेहरे नजर आएंगे। हर नए सीजन की तरह इस बार भी नए नियम, नए टास्क और कई बड़े ट्विस्ट देखने को मिल सकते हैं। अब सभी की निगाहें 6 सितंबर पर टिकी हैं, जब सलमान खान एक बार फिर अपने खास अंदाज में बिग बॉस के घर का दरवाजा खोलेंगे और नए कंटेस्टेंट्स का स्वागत करेंगे।
Written by Rozi Sinha