Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की शादी की तैयारियां इन दिनों पूरे उत्साह और पारंपरिक रंगों के साथ चल रही हैं। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसे मसूरी में आयोजित विवाह समारोह की हल्दी और मेहंदी की रस्में शुक्रवार को धूमधाम से संपन्न हुईं। इन रस्मों में दूल्हा बनने जा रहे कुलदीप यादव और उनकी होने वाली दुल्हन वंशिका ने परिवार और करीबी मेहमानों के साथ जमकर जश्न मनाया।

हल्दी और मेहंदी की रस्में में पहुंते करीबी रिश्तेदार

हल्दी और मेहंदी की रस्में शहर के प्रसिद्ध होटल सेवॉय में आयोजित की गईं, जिसे खास तौर पर शादी के लिए दुल्हन की तरह सजाया गया था। होटल को फूलों, लाइटों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया। समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी दोस्त शामिल हुए और शादी की खुशियों को साझा किया।

मेहंदी समारोह में जमकर नाचे दूल्हा-दुल्हन

मेहंदी समारोह के दौरान कुलदीप यादव हल्के गुलाबी रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि दुल्हन बनने जा रहीं वंशिका ने लाइट और गहरे गुलाबी रंग की पारंपरिक साड़ी पहन रखी थी। दोनों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर मेहमानों के साथ जमकर डांस किया। समारोह के दौरान पारंपरिक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिससे माहौल और भी खास बन गया।

कुलदीप यादव को शुभकामनाएं देने पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम

वहीं हल्दी की रस्म के दौरान कुलदीप यादव पीले रंग के कुर्ता-पायजामा में नजर आए, जबकि वंशिका ने पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी। हल्दी समारोह के दौरान मेहमानों ने दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। ढोल-नगाड़ों और संगीत के बीच मेहमानों ने भी जमकर ठुमके लगाए और समारोह का आनंद लिया। इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी भी शामिल हुए। समारोह में मोहित शर्मा, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल समेत कई क्रिकेटर पहुंचे और दूल्हा-दुल्हन को शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी दिलीप भी समारोह में शामिल हुए।

14 मार्च को होगी कुलदीप यादव और वंशिका की शादी

बताया जा रहा है कि 14 मार्च को कुलदीप यादव और वंशिका सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधेंगे। शादी समारोह को निजी रखा गया है, जिसमें सिर्फ परिवार के सदस्य और करीबी मेहमानों को ही आमंत्रित किया गया है। शादी के बाद लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन आयोजित किए जाने की भी तैयारी है, जिसमें क्रिकेट और अन्य क्षेत्रों की कई नामी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। फिलहाल मसूरी में चल रहे प्री-वेडिंग समारोहों ने शादी के जश्न को यादगार बना दिया है।

Writen By: Geeta Sharma