नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता बालेंद्र शाह 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे, उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 5 मार्च को हुए प्रतिनिधि सभा चुनाव में 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। चुनाव से पहले ही पार्टी ने शाह को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया था।

26 मार्च को सभी सांसद लेंगे शपथ

शपथ ग्रहण से एक दिन पहले, 26 मार्च को सभी निर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाई जाएगी। यह निर्णय आरएसपी अध्यक्ष रवि लामिछाने, वरिष्ठ नेता शाह, उपाध्यक्ष डीपी अर्याल और स्वर्णिम वाग्ले की बैठक में लिया गया। बता दें कि संघीय संसद सचिवालय ने 26 मार्च को दोपहर 2 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम निर्धारित किया है, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

सिंहदरबार परिसर में होगा शपथ ग्रहण समारोह

नए संसद भवन के पूरी तरह तैयार न होने के कारण शपथ ग्रहण समारोह सिंहदरबार परिसर में बने अस्थायी हॉल में आयोजित किया जाएगा। संसद सचिवालय के प्रवक्ता एकराम गिरी के अनुसार, कार्यक्रम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं।

निर्वाचन आयोग राष्ट्रपति को सौंपेगी चुनाव के अंतिम परिणाम

इसी बीच, नेपाल निर्वाचन आयोग शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल को अंतिम चुनाव परिणाम सौंपेगा। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में आरएसपी को 182 सीटें मिलीं, जबकि नेपाली कांग्रेस को 38, सीपीएन-यूएमएल को 25, नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी को 17, श्रम संस्कृति पार्टी को 7 और राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को 5 सीटें मिली हैं। आरएसपी साधारण बहुमत से काफी आगे है और दो-तिहाई बहुमत से केवल दो सीटें दूर है।

गगन कुमार थापा ने अपने पद से दिया इस्तीफा

चुनाव में करारी हार के बाद नेपाली कांग्रेस के सभापति गगन कुमार थापा ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया, उन्होंने अपना इस्तीफा उपसभापति विश्वप्रकाश शर्मा को सौंपा। थापा इस साल 15 जनवरी को सभापति बने थे, लेकिन चुनाव में पार्टी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई। वे स्वयं भी सर्लाही-4 सीट से आरएसपी उम्मीदवार अमरेश कुमार सिंह से चुनाव हार गए।

  Written By Toshi Shah