Assembly Election Date 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार को असम से लेकर पश्चिम बंगाल तक चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम चुनाव आयोग ने घोषित कर दिया है। बता दें की इन चुनावों में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे और कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जहां करीब 25 लाख मतदान अधिकार तैनात रहेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि आयोग ने सभी चुनावी राज्यों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की है। आइए जानते हैं कि किस राज्य में कब मतदान होगा और परिणाम किस दिन घोषित किए जाएंगे।
किस राज्य में कब होगा मतदान
असम विधानसभा चुनाव में कब होगा मतदान?
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव एक ही चरण में कराया जाएगा। राज्य में 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी। इस दौरान राज्य के लाखों मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई सरकार का चुनाव करेंगे।
केरल विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान
केरल में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में होंगे। राज्य की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जबकि 4 मई को मतगणना होगी और इसी दिन यह साफ हो जाएगा कि राज्य में किस दल की सरकार बनेगी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे कब?
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव 23 अप्रैल को एक ही चरण में कराए जाएंगे। मतदान के बाद 4 मई को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पुदुचेरी में इस दिन होगा मतदान
केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 4 मई को मतों की गिनती होगी, जिससे तय होगा कि अगली सरकार किसकी बनेगी।
पश्चिम बंगाल में कितने चरणों में होगा मतदान?
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को कराया जाएगा। दोनों चरणों के बाद 4 मई को मतगणना होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
पांचों राज्यों के मतदाता आंकड़े और आयोग की अपील
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची के मुताबिक, इन पांचों राज्यों में कुल मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है: असम में लगभग 2.25 करोड़, केरल में 2.7 करोड़, पुडुचेरी में 9.44 लाख, तमिलनाडु में 5.67 करोड़ और पश्चिम बंगाल में 6.44 करोड़। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों से अपील की है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें और उत्साह के साथ चुनावी प्रक्रिया में भाग लें।
Written By - Namita Verma