पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में भारत के विदेश मंत्री S. Jaishankar ने चार देशों के विदेश मंत्रियों से फोन पर बातचीत की और क्षेत्र के ताजा हालातों पर चर्चा की। इस दौरान ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों और छात्रों की सुरक्षित वापसी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

ईरान के विदेश मंत्री से भी हुई बातचीत
विदेश मंत्री ने Abbas Araghchi से भी फोन पर बात की। बातचीत के बाद एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही आगे भी संपर्क में बने रहने पर सहमति बनी है, ताकि मौजूदा हालात पर लगातार संवाद जारी रखा जा सके।

भारतीयों के रेस्क्यू को लेकर बढ़ी उम्मीद
इस बातचीत के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों और छात्रों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया में तेजी आ सकती है। भारत सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और वहां मौजूद भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कोशिश कर रही है।

सरकार ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
इससे पहले सरकार की ओर से ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की गई थी। इसमें ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आर्मीनिया बॉर्डर के रास्ते देश से बाहर निकलने की कोशिश करें, ताकि उन्हें सुरक्षित भारत लाया जा सके। जरूरत पड़ने पर भारतीय दूतावास भी उनकी मदद के लिए तैयार है।

Written by : Anushka sagar