KC Tyagi News: बिहार की राजनीति में इन दिनों केसी त्यागी सुर्खियों में बने हुए है। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि उन्होंने जनता दल (JDU) से इस्तीफा दे दिया है। इन अटकलों के बीच खुद केसी त्यागी ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने इस्तीफे को लेकर कहा कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है, बल्कि यह उनके भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं का हिस्सा है।

'नीतीश कुमार के साथ है 50 साल पुराना रिश्ता'

मीडिया से बातचीत में त्यागी ने कहा कि उनका और नीतीश कुमार का संबंध लगभग 50 साल पुराना है। उन्होंने बताया कि दोनों ने जय प्रकाश नारायण के आंदोलन से लेकर जनता पार्टी और लोकदल के दौर तक साथ काम किया है। इसके अलावा कर्पूरी ठाकुर के नेतृत्व में भी दोनों ने राजनीति की है। त्यागी ने आगे यह भी बताया कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियान में हिस्सा नहीं लिया है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्होंने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने कहा, 'मैंने इस्तीफा नहीं दिया है। मेरे और नीतीश कुमार के संबंध मजबूत हैं और बने रहेंगे।'

22 मार्च को करेंगे बड़ी घोषणा

सूत्रों के अनुसार, त्यागी अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर नई रणनीति बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि 22 मार्च को दिल्ली स्थित विट्ठल भाई पटेल हाउस में उनके कुछ शुभचिंतकों ने एक बैठक बुलाई है। इस बैठक में उनके करीबी सहयोगी और समर्थक शामिल होंगे, जहां उनकी नई भूमिका को लेकर घोषणा की जा सकती है।

बिहार की राजनीति में नए समीकरण

वहीं राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह घटनाक्रम बिहार की राजनीति में एक नए समीकरण की ओर संकेत कर सकता है। त्यागी लंबे समय से जदयू के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते रहे हैं और उनका हर कदम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। फिलहाल, त्यागी के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि इस्तीफे की खबरें पूरी तरह सही नहीं थीं। अब सबकी नजर 22 मार्च को होने वाली बैठक पर टिकी है, जहां उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।

 Writen By: Geeta Sharma