भारतीय टेलीकॉम सेक्टर की 2 प्रमुख कंपनियों, Bharti Airtel और Vodafone Idea, के निवेशकों के लिए हाल ही में एक बड़ी राहत की खबर आई है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा लगाए गए वन-टाइम स्पेक्ट्रम चार्ज (OTSC) से संबंधित दावों को रद्द कर दिया है। इस फैसले से दोनों कंपनियों को वित्तीय राहत मिलने की संभावना बढ़ गई है। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म Nomura का मानना है कि इस राहत का सबसे अधिक फायदा एयरटेल को मिल सकता है।

Nomura का एयरटेल पर Buy रेटिंग बरकरार

Nomura ने एयरटेल पर अपनी Buy रेटिंग बरकरार रखते हुए 2,220 रुपये का लक्ष्य मूल्य निर्धारित किया है। यह मौजूदा स्तर से लगभग 25 प्रतिशत की संभावित बढ़त को दर्शाता है। एयरटेल की FY25 वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने OTSC से जुड़ी मांगों के खिलाफ लगभग 11,760 करोड़ रुपये का प्रावधान किया हुआ है। इसमें 1,810 करोड़ रुपये मूल राशि और 9,950 करोड़ रुपये ब्याज शामिल है।

ब्रोकरेज ने कहा

ब्रोकरेज का मानना है कि यदि अंतिम कानूनी फैसला एयरटेल के पक्ष में आता है, तो कंपनी को इस पूरी राशि का राइट-बैक मिल सकता है। हालांकि यह लाभ मुख्य रूप से अकाउंटिंग एडजस्टमेंट होगा और इससे कंपनी के नकदी प्रवाह पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। फिर भी यह कंपनी की बैलेंस शीट को मजबूत बनाएगा। मजबूत कैश फ्लो, बढ़ता ग्राहक आधार और बेहतर वित्तीय स्थिति एयरटेल को निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बनाते हैं।

Vodafone Idea को किस फैसले से मिली राहत?

दूसरी ओर, Vodafone Idea को भी इस फैसले से राहत मिली है। कंपनी ने इस मामले में 7,580 करोड़ रुपये का प्रावधान और 3,350 करोड़ रुपये की कंटिंजेंट लाइबिलिटी दर्ज की हुई है। लेकिन यहां एक महत्वपूर्ण कानूनी पेच बना हुआ है। हाई कोर्ट का फैसला केवल पुराने Idea व्यवसाय से जुड़े मामलों पर लागू होता है, जबकि पुराने Vodafone व्यवसाय से संबंधित मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।

Nomura ने Vodafone Idea पर बनाई Neutral रेटिंग

इसी वजह से Nomura ने Vodafone Idea पर Neutral रेटिंग बनाए रखी है और 12.60 रुपये का लक्ष्य मूल्य दिया है। कंपनी अभी भी भारी कर्ज, नकारात्मक नेटवर्थ और कमजोर नकदी प्रवाह जैसी चुनौतियों से जूझ रही है। भविष्य में कर्ज जुटाने की क्षमता, टैरिफ बढ़ोतरी और ग्राहक संख्या में सुधार इसके लिए प्रमुख ट्रिगर होंगे।

बॉम्बे हाई कोर्ट का फैसला दोनों कंपनियों के लिए सकारात्मक

कुल मिलाकर, बॉम्बे हाई कोर्ट का फैसला दोनों कंपनियों के लिए सकारात्मक है, लेकिन निवेश के नजरिए से Nomura फिलहाल एयरटेल को अधिक मजबूत और भरोसेमंद विकल्प मानता है। हालांकि निवेशकों को सुप्रीम कोर्ट में संभावित कानूनी चुनौतियों और टेलीकॉम सेक्टर के बदलते हालात पर लगातार नजर बनाए रखनी चाहिए।

Written By: Geeta Sharma