पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना स्थल पर वारदात का पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रिक्रिएशन) कराने के दौरान आरोपी ने एक पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बरुईपुर के पुलिस अधीक्षक ने कही ये बात

बरुईपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी के मुताबिक, पुलिस टीम आरोपी को घटनास्थल पर ले गई थी ताकि वारदात से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके। इसी दौरान उसने अचानक हथियार छीनकर पुलिस पर हमला करने की कोशिश की।

आरोपी ने पुलिसकर्मी से छीना हथियार

पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की रात करीब 12:45 बजे बरुईपुर थाने में दर्ज केस संख्या 1350/26 की जांच कर रही टीम प्रभास मंडल को लेकर सूर्यापुर स्थित घटनास्थल पहुंची थी। वहां क्राइम सीन दोबारा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही आरोपी ने पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर एक राउंड गोली चलाई, उसके बाद भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और उसे तुरंत बरुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां मौजूद डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

 

Written By Toshi Shah