PM Modi Assam Visit: असम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री Narendra Modi के कार्यक्रम में खराब मौसम के कारण अचानक बदलाव करना पड़ा। प्रधानमंत्री का शुक्रवार को कोकराझार जाने का कार्यक्रम तय था, लेकिन खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री गुवाहाटी पहुंचे और वहीं से कार्यक्रम में शामिल हुए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया कार्यक्रम
अधिकारियों के मुताबिक कोकराझार और आसपास के इलाकों में मौसम खराब होने के कारण सुरक्षा और यात्रा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। हालांकि, प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम को रद्द नहीं किया और गुवाहाटी से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित किया। गुवाहाटी से ही प्रधानमंत्री मोदी ने असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर-पूर्व में संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई।
#WATCH असम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोकराझार में भूमि पूजन किया, आधारशिलाएं रखीं और 4,570 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 13, 2026
(स्रोत: DD) pic.twitter.com/yYt07NFa77
पीएम मोदी ने गुवाहाटी की जनता से मांगी माफी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि खराब मौसम के कारण वह कोकराझार नहीं पहुंच पाए, जिसके लिए उन्होंने लोगों से क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा, 'मैं दिल्ली से आप सभी के पास आने के लिए निकला था, लेकिन मौसम की वजह से मुझे गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा। यहां से ही मैं आपसे संवाद कर रहा हूं और आप सभी के दर्शन भी कर रहा हूं।' प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम की विरासत के संरक्षण और राज्य के तेज विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की शुरुआत की गई है, जिनमें से करीब 1,100 करोड़ रुपये बोडोलैंड क्षेत्र की सड़क परियोजनाओं पर खर्च किए जाएंगे।
'असम माला 3.0' की हुई शुरुआत
इस दौरान प्रधानमंत्री ने 3,200 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली प्रमुख सड़क परियोजना 'असम माला 3.0' की भी शुरुआत की। इस योजना के तहत राज्य भर में 900 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतर-राज्यीय संपर्क बेहतर होगा और राष्ट्रीय राजमार्गों तथा ग्रामीण सड़कों के बीच समन्वय मजबूत होगा।
PM ने 6 सड़क परियोजनाओं का किया शिलान्यास
इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद क्षेत्र में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में चार फ्लाईओवर और दो पुल शामिल हैं, जो कोकराझार जिले में यातायात जाम को कम करने और पर्यटन, कृषि, स्वास्थ्य सेवाओं तथा ग्रामीण आवागमन को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
#WATCH असम: पीएम नरेंद्र मोदी ने असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के उद्देश्य से तीन नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 13, 2026
इनमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है, जो पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करती है,… pic.twitter.com/p0mDDb7sGI
तीन नई रेल सेवाओं को प्रधानमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें कामाख्या–चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस, गुवाहाटी–न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस और नारंगी–अगरतला एक्सप्रेस शामिल हैं। इन रेल सेवाओं से असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के बीच संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों, व्यापारियों तथा पर्यटकों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
Writen By: Geeta Sharma