भारत का शेयर बाजार जल्द ही एक और बड़ी विदेशी कंपनी का स्वागत कर सकता है। दुनिया की करीब 180 साल पुरानी बीयर निर्माता कंपनी कार्ल्सबर्ग भारत में अपनी इकाई का इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। एक रिपोर्ट्स के अनुसार, डेनमार्क की इस प्रतिष्ठित कंपनी की भारतीय शाखा इस महीने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकती है। प्रस्तावित IPO के जरिए कंपनी लगभग 700 मिलियन डॉलर यानी करीब 6,700 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रख सकती है।
प्रमुख निवेश बैंकों के साथ काम कर रही कार्ल्सबर्ग
सूत्रों के मुताबिक, कार्ल्सबर्ग इस सार्वजनिक निर्गम के लिए प्रमुख निवेश बैंकों के साथ काम कर रही है। इस प्रक्रिया में कोटक महिंद्रा कैपिटल, जेपी मॉर्गन और सिटीग्रुप की भारतीय इकाइयों को सलाहकार के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक IPO को लेकर कोई अंतिम घोषणा नहीं की गई है। कार्ल्सबर्ग ने केवल इतना कहा है कि वह शेयरधारकों के लिए मूल्य बढ़ाने के विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है, जिनमें IPO भी शामिल है।
IPO मुख्य रूप से सेकेंडरी शेयर बिक्री पर आधारित
जानकारी के अनुसार, यह IPO मुख्य रूप से सेकेंडरी शेयर बिक्री पर आधारित हो सकता है, जिसमें मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी का एक भाग बेचेंगे। हालांकि, प्रस्तावित इश्यू के आकार, संरचना और समय-सीमा को लेकर अभी चर्चा जारी है और इनमें बदलाव संभव है।
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजारों में से एक
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते उपभोक्ता बाजारों में से एक है और शराब उद्योग भी इसका लाभ उठा रहा है। बढ़ती आय, शहरीकरण और बदलती उपभोक्ता पसंद के कारण बीयर एवं अन्य अल्कोहलिक पेय पदार्थों की मांग लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि वैश्विक शराब कंपनियां भारतीय कारोबार से अधिक मूल्य हासिल करने के अवसर तलाश रही हैं। इसी क्रम में पेरनोड रिकार्ड भी अपने भारतीय कारोबार की संभावित लिस्टिंग पर विचार कर रही है।
2007 में हुई थी कार्ल्सबर्ग इंडिया की स्थापना
कार्ल्सबर्ग इंडिया की स्थापना वर्ष 2007 में हुई थी और आज यह देश की दूसरी सबसे बड़ी बीयर निर्माता कंपनी मानी जाती है। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी लगभग 22 प्रतिशत बताई जाती है। इसके पास भारत में कुल 14 ब्रुअरी इकाइयां हैं, जिनमें आठ स्वामित्व वाली और छह कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स शामिल हैं।
Written By: Geeta Sharma