रसोई में खाना बनाने के लिए आटे का डिब्बा खोलते ही अगर छोटे-छोटे कीड़े नजर आ जाएं, तो सबसे पहले यही चिंता होती है कि कहीं पूरा आटा खराब तो नहीं हो गया। आटे में कीड़े या उनके लार्वा मिलना असामान्य नहीं है। हालांकि, इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि घर की सफाई ठीक से नहीं होती या आटे को गलत तरीके से रखा गया था। दरअसल, आटा और कई दूसरे सूखे खाद्य पदार्थों में छोटे कीट लग सकते हैं, जिन्हें आमतौर पर पैंट्री पेस्ट कहा जाता है। ये कीड़े साफ-सुथरी रसोई में भी पहुंच सकते हैं। कई बार इनके अंडे या लार्वा खाद्य सामग्री के पैकेट में पहले से मौजूद होते हैं। सामान घर आने के बाद सही परिस्थितियां मिलने पर ये धीरे-धीरे बढ़ने लगते हैं।

आटे में किस तरह के दिखाई देते हैं कीड़े?

पैंट्री पेस्ट में कई प्रकार के छोटे भृंग और पतंगे शामिल हो सकते हैं। आटे में मिलने वाले बीटल आमतौर पर आकार में बहुत छोटे होते हैं और उनका रंग लाल-भूरे से लेकर गहरे भूरे या काले रंग तक हो सकता है। वहीं, अगर आटे या उसके आसपास सफेद अथवा क्रीम रंग के छोटे कीड़े दिखाई दें, तो वे पतंगे के लार्वा हो सकते हैं। कुछ मामलों में इनके साथ महीन जाल जैसी संरचना भी नजर आती है। यह जाली आटे के अलावा पैकेट, डिब्बे, शेल्फ या कैबिनेट के कोनों में भी दिखाई दे सकती है। इन कीटों का असर केवल आटे तक सीमित नहीं रहता। चावल, दाल, बेसन, सूजी, ओट्स, पास्ता, अनाज, मसाले, मेवे, ड्राई फ्रूट्स, बिस्किट और दूसरे सूखे खाद्य पदार्थ भी प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए एक सामान में कीड़े मिलने पर आसपास रखी चीजों को भी जरूर जांचना चाहिए।

कीड़े वाला आटा मिले तो क्या करें?

अगर आटे में कीड़े, लार्वा या जाले साफ दिखाई दे रहे हैं, तो उसे इस्तेमाल करने के बजाय फेंक देना बेहतर है। संक्रमित आटे को अच्छी तरह बंद बैग में डालकर घर के बाहर कूड़ेदान में डालें। इसके बाद उस डिब्बे को अच्छी तरह साफ करें, लेकिन केवल डिब्बे की सफाई तक ही सीमित न रहें। जहां आटा रखा था, उस पूरी जगह की जांच करें। आसपास मौजूद चावल, दाल, सूजी, मसाले, पास्ता और अन्य सूखे सामान के पैकेट खोलकर देखें। पैकेट के अंदर कीड़े, जाले या लार्वा के संकेत मिलें तो उस सामान को भी अलग कर दें।

शेल्फ की सफाई करना भी जरूरी

स्टोरेज एरिया को साफ करते समय शेल्फ के कोनों, दरारों और दीवार से जुड़े हिस्सों पर विशेष ध्यान दें। वहां आटे और अनाज के छोटे कण जमा हो सकते हैं, जिनमें कीट छिपे हो सकते हैं। इन जगहों को वैक्यूम करने के बाद अच्छी तरह साफ करें।

ये भी पढ़ें- ऑनलाइन Grocery खरीदते समय मिलेगी Best Before Date की जानकारी, जानिए सरकार का ये बड़ा कदम

क्या तेजपत्ता रखने से खत्म हो जाते हैं कीड़े ?

कीड़े दिखाई देने पर कई लोग आटे के डिब्बे में तेजपत्ता या नींबू का तेल रखने जैसे घरेलू उपाय अपनाते हैं, लेकिन इन उपायों के प्रभावी होने के पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं। इसलिए संक्रमित आटे को बचाने की कोशिश करने के बजाय उसे हटाना और संक्रमण के स्रोत की पहचान करना ज्यादा जरूरी है। सफाई के बाद कुछ समय तक सामान पर नजर रखें और करीब दो सप्ताह बाद दोबारा जांच करें। अगर कई बार सफाई के बावजूद कीड़े दिखाई देते रहें, तो प्रोफेशनल पेस्ट कंट्रोल की मदद लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।