मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। 19 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड समेत करीब 20 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में आंधी की रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पूर्वी भारत में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है।

कई मौसमी सिस्टम सक्रिय

मौसम में बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के आसपास तेज हवाओं का असर दिखाई दे सकता है। दक्षिणी गुजरात से झारखंड तक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। ऐसे में कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

दिल्ली में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

राजधानी दिल्ली में 19 सितंबर को हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

यूपी और बिहार में भारी बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, हापुड़, मुरादाबाद, संभल, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, कानपुर, बिजनौर, मैनपुरी, हरदोई, झांसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। बिहार में गोपालगंज, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय सहित कई जिलों में तेज बारिश की संभावना है। हवा के झोंके करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

झारखंड में भी अलर्ट

झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और गुमला में मौसम खराब रह सकता है। रांची में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों IMD का अलर्ट

उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, ऊना और किन्नौर में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी बदलेगा मौसम

राजस्थान के दौसा, कोटा, झालावाड़, अजमेर, टोंक, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, बाड़मेर, करौली, जोधपुर और झुंझुनू में बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। मध्य प्रदेश के उमरिया, भिंड, कटनी, इंदौर, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, मंडला, सीधी, भोपाल और सिंगरौली में भी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।

ये भी पढ़ें- ग्रीनलैंड की सुरक्षा पर अमेरिका का बढ़ेगा दखल, ट्रंप ने ‘स्थायी समझौते’ का किया दावा

किसानों और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने किसानों और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली और आंधी की आशंका वाले इलाकों में लोग खुले स्थानों से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को रवाना होने से पहले स्थानीय मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।