त्रिपुरा में अगरतला नगर निगम समेत 16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए आज मतदान शुरू हो चुका है। सुबह 7 बजे से मतदाता मतदान केंद्र पहुंच रहे हैं। शाम 4 बजे तक मतदान प्रक्रिया चलेगी। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी पोलिंग बूथ पर भारी संख्या में सुरक्षाबल मौजूद है। वोटिंग की काउंटिंग 2 दिसंबर 2026 को की जाएगी।

77 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

आज त्रिपुरा में शहरी निकाय चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो चुके हैं। राज्य के 8 जिलों में स्थित 16 शहरी निकायों की 268 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें राजधानी अगरतला नगर निगम भी शामिल है। कुल 21 शहरी स्थानीय निकायों के अंतर्गत 345 वार्ड हैं।

इनमें से 77 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। ऐसे में बाकी 268 सीटों पर शुक्रवार को मतदान कराया जा रहा है। इन सीटों के लिए कुल 733 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है।

5.65 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान

इस निकाय चुनाव में 5.65 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। इनमें महिलाओं की संख्या पुरुषों से अधिक है।

महिला मतदाता: करीब 2.88 लाख

पुरुष मतदाता: करीब 2.76 लाख

थर्ड जेंडर मतदाता: 43

चुनाव में महिलाओं की भागीदारी अहम मानी जा रही है। अगरतला नगर निगम में कुल 51 वार्ड हैं, जिनमें 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

भाजपा, माकपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला

भाजपा, माकपा (CPI-M) और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिल रहा है। 

भाजपा (BJP): 265 उम्मीदवार

माकपा (CPI-M): 228 उम्मीदवार

कांग्रेस: 201 उम्मीदवार

टिपरा मोथा पार्टी: 10 उम्मीदवार

निर्दलीय और अन्य: 29 उम्मीदवार

सुरक्षा के लिए 10 हजार से ज्यादा जवान तैनात

चुनाव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें करीब 3 हजार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान शामिल हैं। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों को भी चुनावी सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। संवेदनशील मतदान केंद्रों और इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

2 दिसंबर को होगी गिनती

आज होने वाले मतदान की 2 दिसंबर 2026 को गिनती होगी। इसके बाद साफ हो जाएगा कि राज्य के शहरी निकायों में किस राजनीतिक दल को कितनी सफलता मिली है। इन चुनावों को 2028 में होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री माणिक साहा भी इन निकाय चुनावों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक अहम राजनीतिक परीक्षा बता चुके हैं।

यह भी पढ़ें: तिरुपति मंदिर में भक्त का महादान! हीरे और रत्न से जड़े 121 किलो सोने के आभूषण किए दान, कीमत जान हो जाएंगे हैरान