नई दिल्ली: नई दिल्ली में चुनाव आयोग (EC) के खिलाफ विपक्षी INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने हमला बोलते हुए कहा कि यदि दिल्ली पुलिस को उनके वर्तमान प्रदर्शन स्थल पर आपत्ति है, तो उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए कोई दूसरी जगह उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
प्रदर्शन से "दिक्कत" है, तो विरोध के लिए दूसरी जगह दें
राहुल गांधी ने कहा कि, विपक्ष आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगा। क्योंकि संविधान शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली पुलिस को इस प्रदर्शन से "दिक्कत" है, तो उसे विरोध के लिए कोई दूसरी जगह देनी चाहिए।
प्रदर्शन में नेताओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की
इससे पहले, INDIA ब्लॉक के सांसदों ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के मुख्यालय 'निर्वाचन सदन' की ओर मार्च किया, लेकिन बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद कई विपक्षी दल के नेता आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर धरने पर पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी
इस प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी और कई नेताओं को हिरासत में भी लिया गया। विपक्ष का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची संशोधन को लेकर गंभीर सवाल हैं, जबकि चुनाव आयोग और सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।
ये भी पढ़ें-EC विरोध मार्च पर किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर हमला, बोले-"आखिर कब तक चलेगा यह ड्रामा?"