कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन के सह-संयोजक सौरव दास ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि CJP कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। एक वीडियो संदेश में सौरव दास ने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में CJP से जुड़े युवाओं और प्रदर्शनकारियों को पुलिस हिरासत में लिया जा रहा है, उनका आरोप है कि बीजेपी शासित राज्यों में कुछ प्रदर्शनकारियों को घरों में नजरबंद भी किया जा रहा है।
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
सौरव दास ने दिल्ली में प्रदर्शन से पहले की जा रही सुरक्षा तैयारियों पर भी सवाल उठाए, उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ CRPF और CISF के जवानों को भी दिल्ली लाया जा रहा है, उनके मुताबिक, कुछ सुरक्षाबलों को जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से दिल्ली पहुंचाया जा रहा है।
Fraands, no matter what, the protests will continue till our demands are met! Gyanu! Cockroaches coming for you! @Cockroachisback https://t.co/c3Kirp3gY8
— Saurav Das (@SauravDassss) October 8, 2026
सौरव दास ने कही ये बात
उन्होंने सवाल किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए इतनी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था क्यों की जा रही है। सौरव दास ने कहा कि CJP की मांग केवल इतनी है कि जंतर-मंतर, जो धरना और विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल है, वहां उन्हें प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाए, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन की अनुमति देने के बजाय पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।
‘युवा अपने वोट के अधिकार को लेकर मांग रहा जवाब’
CJP नेता ने कहा कि देश का युवा अपने अधिकारों को लेकर जवाबदेही चाहता है, उनके अनुसार, युवाओं को यह चिंता है कि अगर उनके वोट देने के अधिकार पर किसी तरह का असर पड़ता है, तो इसका व्यापक प्रभाव लोकतांत्रिक व्यवस्था पर पड़ सकता है। सौरव दास ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था और देश के भविष्य में सुधार के लिए नागरिकों को अपने मतदान के अधिकार की रक्षा करनी होगी। उन्होंने समर्थकों से 10 अक्टूबर के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि आंदोलन लंबा चल सकता है और संगठन अपनी मांगों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा।
ये भी पढ़ेंं- CEC के खिलाफ INDIA गठबंधन का विरोध जारी, लगातार दूसरे दिन लंच पर चर्चा