कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के सांसद गुरुवार को लगातार दूसरे दिन लंच मीटिंग के लिए एक रेस्टोरेंट में जुटे। इस बैठक की मेजबानी कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे कर रहे हैं। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शन को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। बैठक के बाद विपक्षी नेता राजघाट जाने की तैयारी में हैं। लंच मीटिंग से पहले रेस्टोरेंट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। INDIA गठबंधन के कई नेता और सांसद एक-एक कर बैठक में पहुंचे। कांग्रेस सांसद कोडिकुन्निल सुरेश ने कहा कि विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगा और पीछे हटने वाला नहीं है।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मजबूत और आक्रामक प्रदर्शन- सुरेश
सुरेश ने कहा, “आज भी हमारा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मजबूत और आक्रामक प्रदर्शन है। हम पीछे नहीं हटेंगे, ” उन्होंने बताया कि आगे की रणनीति INDIA गठबंधन के नेतृत्व की बैठक में तय की जाएगी। इसके बाद होने वाले प्रदर्शन का नेतृत्व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA गठबंधन के अन्य नेता करेंगे।
CEC के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस सांसद ने कहा कि विपक्ष की मांग स्पष्ट है, उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफा देना चाहिए। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार को उन्हें पद से हटाना चाहिए। विपक्षी सांसदों ने बुधवार को हुए पुलिस एक्शन और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर भी नाराजगी जताई। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं के साथ बदसलूकी की गई, उन्होंने कहा कि विपक्ष संविधान की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगा। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने केंद्र सरकार पर CEC ज्ञानेश कुमार को संरक्षण देने का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग केवल CEC के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा बड़ा मुद्दा है।
‘13 करोड़ लोगों के वोटिंग अधिकार बहाल हों’
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट को लेकर सवाल उठाए, उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ लोगों के वोटिंग अधिकार प्रभावित हुए हैं और जब तक इन्हें बहाल नहीं किया जाता, तब तक विपक्ष का संघर्ष जारी रहेगा। INDIA गठबंधन की यह लगातार दूसरे दिन लंच मीटिंग है। बुधवार को हुई पहली बैठक के बाद विपक्षी नेताओं ने CEC और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के खिलाफ जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। दिल्ली पुलिस ने मार्च को रोक दिया था और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया था।
ये भी पढ़ें- हेमंत सोरेन की मां रुपी सोरेन का निधन, पीएम मोदी ने जताया दुख
पुलिस ने कही ये बात
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, बुधवार के विरोध प्रदर्शन को लेकर तीन FIR दर्ज की गई हैं और कुछ अन्य मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है। इन FIR में पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने, धक्का-मुक्की और पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, दर्ज FIR के विवरण में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम भी शामिल हैं।