उत्तर भारत के कई राज्यों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, दिल्ली में सुबह से ही हल्ली बारिश हो रही है।
दिल्ली में रिमझिम बारिश
दिल्ली-एनसीआर में 29 अप्रैल से मौसम करवट ले चुका है। IMD के मुताबिक अगले चार दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। 30 अप्रैल को तापमान थोड़ा गिरकर 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि 1 मई से मौसम साफ होने लगेगा और तापमान फिर बढ़कर 40 डिग्री के आसपास पहुंच सकता है।
यूपी में मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी का असर जारी है, लेकिन राहत के आसार बन रहे हैं। लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी और पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों जैसे पटना, गया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। पटना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री रह सकता है।
मध्य प्रदेश लू का असर
मध्य प्रदेश और राजस्थान में फिलहाल लू का असर बना हुआ है, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। ग्वालियर, रीवा और छतरपुर में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और ओलावृष्टि के आसार हैं।
इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पश्चिम बंगाल और मिजोरम में भी कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। कुल मिलाकर, आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
Written By Toshi Shah