नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। एयरपोर्ट पर अब केवल हैंड बैगेज या बिना चेक-इन सामान के यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अलग एंट्री गेट की व्यवस्था की गई है। इस सुविधा को Express@DEL नाम दिया गया है। इसका मकसद यात्रियों को सामान्य चेक-इन काउंटर की लंबी लाइन से बचाना और टर्मिनल में एंट्री की प्रक्रिया को तेज करना है।
तीनों टर्मिनल पर अलग-अलग गेट
दिल्ली एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल पर Express@DEL के लिए अलग गेट तय किए गए हैं। अगर आपकी फ्लाइट टर्मिनल-1 से है तो आपको गेट नंबर 5 से एंट्री मिलेगी। वहीं टर्मिनल-2 के यात्रियों के लिए गेट नंबर 1 और टर्मिनल-3 के यात्रियों के लिए गेट नंबर 2 निर्धारित किया गया है। यानी अब यात्रियों को अपने टर्मिनल के हिसाब से तय किए गए इस गेट पर जाना होगा। यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए है जिन्हें सामान चेक-इन कराने के लिए काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं है।
किन यात्रियों को मिलेगा फायदा?
बता दें कि Express@DEL का इस्तेमाल हर यात्री नहीं कर सकेगा। इसके लिए यात्रियों का पहले से वेब चेक-इन पूरा होना और ई-बोर्डिंग पास तैयार होना जरूरी है। इसके अलावा यात्री के पास केवल हैंड बैगेज होना चाहिए या कोई चेक-इन बैगेज नहीं होना चाहिए। ऐसे यात्रियों को सामान्य चेक-इन काउंटर पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे सीधे निर्धारित Express@DEL गेट से टर्मिनल में प्रवेश कर सकते हैं और इसके बाद सुरक्षा जांच की ओर बढ़ सकते हैं।
कैसे काम करेगी नई Express@DEL सुविधा?
इसका तरीका काफी आसान है। सबसे पहले यात्री को घर से निकलने से पहले वेब चेक-इन पूरा करना होगा। इसके बाद ई-बोर्डिंग पास अपने फोन में तैयार रखना होगा। एयरपोर्ट पहुंचने पर यात्री को अपने टर्मिनल का Express@DEL गेट तलाशना होगा। गेट से एंट्री लेने के बाद वह सीधे सुरक्षा जांच की प्रक्रिया में जा सकेगा। यानी सामान्य चेक-इन काउंटर की लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी।
सामान्य यात्रियों के लिए क्या बदलेगा?
अगर आपके पास चेक-इन करने वाला बड़ा सामान है तो यह सुविधा आपके लिए नहीं है। ऐसे यात्रियों को पहले की तरह संबंधित एयरलाइन के चेक-इन काउंटर पर जाना होगा। वहीं सिर्फ केबिन बैग लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था समय बचाने वाली हो सकती है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में जब एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होती है, तब अलग एंट्री गेट से भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है।
DigiYatra से अलग है Express@DEL
Express@DEL को DigiYatra से अलग समझना जरूरी है। DigiYatra चेहरे की पहचान आधारित सुविधा है, जबकि Express@DEL का मुख्य उद्देश्य उन यात्रियों को अलग एंट्री देना है जिनका वेब चेक-इन पहले से पूरा है और जिन्हें चेक-इन काउंटर की जरूरत नहीं है। दिल्ली एयरपोर्ट पर DigiYatra की सुविधा तीनों टर्मिनल पर उपलब्ध है।
इस नई व्यवस्था से दिल्ली एयरपोर्ट पर हल्के सामान के साथ सफर करने वाले यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश के दौरान ज्यादा सुविधा मिल सकती है।
यह भी पढ़ें: यूपी में 6 लेन का नया एक्सप्रेसवे, 8 लेन तक बढ़ेगा… 50 KM के पहले पैकेज पर आया बड़ा अपडेट, इन इलाकों को मिलेगा फायदा