मुंबई: आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी NCP (SP)) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात के बाद बड़ा बयान दिया है। संजय सिंह ने कहा कि शरद पवार संसद में कथित वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा मजबूती से उठाएंगे।
SIR और वोट चोरी को लेकर NCP और AAP में विशेष चर्चा
इस संदर्भ में संजय सिंह ने बताया कि वह मुख्य रूप से शरद पवार का हालचाल जानने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संसद के आगामी विशेष सत्र, दिल्ली में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोप और महाराष्ट्र की राजनीति पर भी चर्चा हुई। संजय सिंह ने कहा कि इस दौरान शरद पवार ने संसद के विशेष सत्र की शुरुआत और उसकी कार्यवाही के बारे में जानकारी ली। इसके बाद शरद पवार ने भरोसा जताया कि इन मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाएंगे।
महाराष्ट्र की राजनीति के पहलुओं और MLC चुनाव के नतीजों पर अमल
इस संबंध में संजय सिंह ने कहा कि शरद पवार ने दिल्ली में कथित वोट चोरी और वोट डिलीट करने के बारे में पूरी जानकारी मांगीं। इसके साथ ही हमने महाराष्ट्र की राजनीति के कुछ पहलुओं और MLC चुनाव के नतीजों पर भी चर्चा की। इस विषय पर सिंह ने कहा कि यह एक अच्छी और सुखद मीटिंग थी। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि शरद पवार साहब जल्द से जल्द ठीक हो जाएं और अपनी राजनीतिक जिम्मेदारियों को निभाते रहें। इसके साथ ही वो उसी एनर्जी के साथ अपने राजनीति विचार को बनाए रखें, जिसके साथ उन्होंने हमेशा काम किया है। वहीं, NCP के शरद पवार और अजित पवार गुट के संभावित विलय पर सवाल पूछे जाने पर संजय सिंह ने कहा कि इस विषय पर उनकी शरद पवार से कोई चर्चा नहीं हुई है, इसलिए वह इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते।