नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी कथित भ्रामक खबरें, फर्जी वीडियो और अफवाहें फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ चार से अधिक FIR दर्ज की हैं। पुलिस की IFSO यूनिट इस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ़ FIR दर्ज की
दरअसल, दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन्स (IFSO) यूनिट ने उन सोशल मीडिया हैंडल्स के खिलाफ़ चार से ज़्यादा FIR दर्ज की हैं, जिन पर देश में गलत बातें फैलाने और माहौल खराब करने का आरोप है। इस मामले में सीमा पार से भारत-विरोधी भावनाएं फैलाने में कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स भी सक्रिय पाए गए हैं।
पाकिस्तानी मीडिया हैंडल्स ने मौत की झूठी खबरें फैलाई
10 अक्टूबर को, कई पाकिस्तानी सोशल मीडिया हैंडल्स ने कथित तौर पर विरोध प्रदर्शनों के दौरान मौतें होने की झूठी खबरें फैलाई थीं। दरअसल, ये पाकिस्तान से ऑपरेट करने वाले यूज़र्स भारतीय बनकर नकली वीडियो और गुमराह करने वाली खबरें भी फैला रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकरी के मुताबिक, अब तक लगभग 500 सोशल मीडिया पोस्ट हटाए जा चुके हैं, जो कथित तौर पर अफवाहें फैला रहे थे या लोगों के बीच अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे थे।
BNSS की धारा 163 के कथित उल्लंघन के मामले FIR दर्ज
पुलिस की यह कार्रवाई विपक्ष के विरोध प्रदर्शन से जुड़ी घटनाओं के बीच हुई है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार के मार्च के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर भी कई FIR दर्ज की हैं। इससे पहले दिन में, दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने सोमवार को विपक्ष के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में कई FIR दर्ज की हैं, जिनमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेध के कथित उल्लंघन के मामले भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें-UP Election 2027: गैसड़ी विधानसभा सीट पर सियासी समीकरण, विकास, रोजगार और जनता के अहम मुद्दे