नई दिल्ली: 10 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा व्यवस्था के सख्त इंतजाम किए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर तक दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 221 कंपनियां, यानी लगभग 23,000 जवान तैनात करने का फैसला किया है।
CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली में CAPF के 23,000 जवान तैनात
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के अनुमान के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसी संभावित जमावड़ों को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस को सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज (CAPF) की अतिरिक्त कंपनियां उपलब्ध कराई हैं। नई दिल्ली जिले, प्रमुख सरकारी भवनों, संवेदनशील इलाकों और राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
500 अतिरिक्त महिला अर्धसैनिक बल कर्मियों की तैनाती
सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान महिला प्रतिभागियों की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए 450 से 500 अतिरिक्त महिला अर्धसैनिक बल कर्मियों को भी तैनात किया जाएगा। नई दिल्ली जिले में पहले से मौजूद पुलिस बल को जरूरत पड़ने पर और बढ़ाया जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी की सीमाओं पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान से आने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग, जांच और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी। बड़े समूहों के दिल्ली में प्रवेश को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
ये भी पढ़ें-57वीं GST काउंसिल बैठक पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता का बयान, कहा- 'नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने पर हुई चर्चा'