उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल से अंतरिम ज़मानत पर रिहा होने के बाद अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि, "चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा।" उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में अहम माना जा रहा है। उनके बयान से उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। 

"चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा": आजम खान 

दरअसल, समाजवादी पार्टी के नेता आज़म खान अंतरिम ज़मानत पर जेल से रिहा होने के बाद रामपुर स्थित अपने आवास पर लौटे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनकी रिहाई उन लोगों के लिए जश्न का दिन है जो संविधान, न्याय और लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं।आज़म खान ने संवैधानिक मूल्यों में विश्वास रखने वालों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने राहत देने के लिए अदालत का धन्यवाद करते हुए कहा कि, यह उन सभी लोगों के लिए जश्न का दिन है जो संविधान, न्याय और लोकतंत्र में यकीन रखते हैं।

देश तो आज़ाद है, लेकिन संविधान आज़ाद नहीं

सपा नेेता आज़म खान कहा कि अब मुझे पक्का यकीन हो गया है कि देश तो आज़ाद है, लेकिन संविधान आज़ाद नहीं है। हमें मिलकर यह मांग करनी चाहिए कि संविधान को आज़ाद कराया जाए। देश की राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए खान ने कहा कि, "चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा। बदलाव नहीं होगा, सैलाब आएगा। अब लोग जाति या धर्म के नाम पर चुनाव नहीं लड़ेंगे; अब चुनाव मुद्दों पर लड़े जाएंगे।" उन्होंने कहा कि वह और उनके जैसे लोग संविधान के लिए अपनी जान देने को हमेशा तैयार रहते हैं।

मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि हर गली में एक 'मुर्गी चोर' हो

इस संदर्भ में आज़म खान ने कहा कि क्या मैं माफिया हूँ? मैंने बच्चों के लिए स्कूल खोले, एक यूनिवर्सिटी बनाई। अगर ऐसा इंसान माफिया हो सकता है, अगर कोई 'मुर्गी चोर', 'बकरी चोर' या 'भैंस चोर' ED की नज़र में दोषी हो सकता है, तो मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि हर गली में एक 'मुर्गी चोर' हो, ताकि वह एक यूनिवर्सिटी बना सके। उन्होंने कहा कि सभी संवैधानिक संस्थाओं को यह मान लेना चाहिए कि वे अपनी साख खो रही हैं, उन्हें अपनी साख बचानी चाहिए।

मदन मोहन मालवीय को भी  जेल में डाल दिया जाता

जाने-माने शिक्षाविदों और ऐतिहासिक हस्तियों का उदाहरण देते हुए, खान ने जांच एजेंसियों और अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के समय में ED, CBI, I-T या विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाएं होतीं, तो उन्हें भी जेल में डाल दिया जाता। वे कभी यूनिवर्सिटी नहीं बना पाते। भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए, SP नेता ने कहा कि पार्टी को चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन सीटों पर BJP जीती, वे गलत तरीकों से जीती गई थीं।