Punjab Assembly Election 2027: कांग्रेस ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रदेश चुनाव समिति के गठन को मंजूरी दे दी है। इस 42 सदस्यीय समिति की कमान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह को सौंपी गई है।

Image

समिति में प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी, राजिंदर कौर भट्टल, अंबिका सोनी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखपाल सिंह खैरा समेत कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, समिति का गठन तत्काल प्रभाव से लागू होगा। समिति चुनाव की तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श में अहम भूमिका निभाएगी।

इन वरिष्ठ नेताओं को मिली जगह

कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, राजिंदर कौर भट्टल, वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, मनीष तिवारी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विजय इंदर सिंगला और सुखपाल सिंह खैरा समेत कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा शमशेर सिंह ढुल्लो, गुरजीत सिंह औजला, धर्मवीर गांधी, किशोरी लाल शर्मा, राणा गुरजीत सिंह, भारत भूषण आशु, रजिया सुल्ताना और ब्रह्म मोहिंद्रा समेत अन्य नेताओं को भी समिति में जगह दी गई है।

Image

Image

उम्मीदवारों के चयन में होगी अहम भूमिका

आगामी चुनाव को लेकर प्रदेश चुनाव समिति की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। समिति विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की चुनावी तैयारियों, संभावित उम्मीदवारों के नामों और संगठनात्मक गतिविधियों पर काम करेगी। समिति संभावित उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश आगे की जांच के लिए करेगी। इसके बाद पार्टी की स्क्रीनिंग और केंद्रीय नेतृत्व की प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

2027 के चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस

पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांग्रेस की ओर से प्रदेश चुनाव समिति का गठन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम है। अब देखना होगा कि नई समिति के गठन के बाद कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन और राज्य में चुनावी संगठन को मजबूत करने की दिशा में किस तरह आगे बढ़ती है।

यह भी पढ़ें: आज सुबह रहेगी धुंध, दिन में निकलेगी धूप, दिल्ली-NCR समेत जानें कहां बढ़ेगी ठंड?