bihar boat accident : बिहार के वैशाली में बड़ा नाव हादसा हो गया है। इस हादसे में 13 बच्चों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। जबकि 7 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे सूचना के तुरंत बाद ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे। राहत बचाव टीम ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को प्रशासन ने रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। फिलहाल पुलिस और डीएम मौके पर मौजूद हैं। इस मामले में पीएम, उपराष्ट्रपति और अन्य कई मंत्रियों ने शोक जताया है।

20 से 30 लोगों से भरी थी नाव


बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर श्यामचंद गांव में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। गंगा नदी में 20 से 30 लोगों से भरी एक निजी नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गंगा नदी में डूबने से 13 बच्चों की मौत हो गई। वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने मामले की जानकारी दी है। डीएम ने बताया मंगलवार की शाम एक नाव में रामपुर श्यामचंद गांव के 20 से 30 लोग एक ही नाव में सवार होकर पास के ही गांव में भोज खाने के लिए जा रहे थे। नाव जैसे ही गंगा नदी के बीच में पहुंची। वहां पानी ज्यादा होने की वजह से नाव अपना संतुलन खो बैठी और पलट गई। नाव पलटते ही उस पर सवार सभी लोग पानी में गिर गए। मौके पर चीख-पुकार मची। 

हादसे की सूचना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत ही राहत बचाव का काम शुरू किया। लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस के साथ-साध राहत बचाव दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम शुरू किया। इस हादसे में 13 बच्चों के शवों को निकाला गया। साथ ही टीम ने गंभीर 7 घायल लोगों को बचाकर अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की संख्या में फिलहाल इजाफा हो सकता है। 

पीएम ने व्यक्त किया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। पीएम ने मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही घायल लोगों के लिए 50,000 रुपये की वित्तीय मदद का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए पोस्ट में पीएम मोदी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

सीएम ने मृतकों के परिजनों को 4 लाख देने का किया ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिवारों के लिए 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। सीएम ने अपनी पोस्ट में लिखा वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में मासूमों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस कठिन समय में मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ​ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति दें एवं परिजनों को यह भारी दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ​राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता (अनुग्रह राशि) दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य तेजी से पूरा करने और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

 

तेजस्वी यादव ने भी जताया दुख

राघोपुर में नाव पलटने के हादसे के सूचना मिलते ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- हृदयविदारक घटना से मर्माहत हूँ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

 

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी जताया शोक

भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी वैशाली घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी में नाव पलटने की घटना में हुई जानमाल की क्षति से मुझे गहरा दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति और साहस प्रदान करें। मेरी प्रार्थनाएं इस त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं उन लोगों की सुरक्षा के लिए भी प्रार्थना करता हूं जो अभी लापता हैं।