Bird Flu Vaccine: बर्ड फ्लू का नाम सुनते ही पोल्ट्री कारोबार से लेकर आम लोगों तक की चिंता बढ़ जाती है। इसकी वजह है H5N1 वायरस, जो तेजी से पक्षियों को संक्रमित कर सकता है और कई बार इंसानों के लिए भी खतरा बन जाता है। लेकिन अब इस बीमारी के खिलाफ भारत ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के वैज्ञानिकों ने पहली बार मुर्गियों को H5N1 बर्ड फ्लू से बचाने के लिए स्वदेशी वैक्सीन तैयार की है।

भोपाल के ICAR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज यानी NIHSAD ने इस वैक्सीन को विकसित किया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे लॉन्च किया। आखिर यह वैक्सीन कैसे काम करेगी? क्या इससे बर्ड फ्लू का खतरा खत्म हो जाएगा? और सबसे बड़ा सवाल, क्या अब चिकन और अंडा खाना पूरी तरह सुरक्षित है? आइए जानते हैं।

भारत में क्यों जरूरी थी यह वैक्सीन?

भारत में साल 2006 से 2021 के बीच 24 राज्यों में बर्ड फ्लू के 341 मामले सामने आए थे। इनमें 284 मामले H5N1 और 57 मामले H5N8 वायरस से जुड़े थे। संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारना पड़ता है, जिससे पोल्ट्री कारोबार को भारी आर्थिक नुकसान होता है। नई वैक्सीन H5N1 के क्लेड 2.3.2.1a स्ट्रेन को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इससे मुर्गियों में संक्रमण रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है।

क्या इंसानों को भी मिलेगा फायदा?

H5N1 मुख्य रूप से पक्षियों को संक्रमित करता है, लेकिन संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से इंसानों में भी संक्रमण हो सकता है। मुर्गियों का टीकाकरण होने से संक्रमण का खतरा घट सकता है और इंसानों के संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने की आशंका भी कम हो सकती है। हालांकि, इंसान से इंसान में इसके लगातार फैलने का अभी तक ठोस प्रमाण नहीं है।

चिकन और अंडा खाने वालों को डरने की जरूरत?

विशेषज्ञों के मुताबिक अच्छी तरह पकाया गया चिकन और अंडा खाने से H5N1 संक्रमण होने का कोई प्रमाण नहीं है। लेकिन सावधानी बेहद जरूरी है। चिकन और अंडे भरोसेमंद जगहों से खरीदें। कच्चे मांस को दूसरे खाद्य पदार्थों से अलग रखें और उसे छूने के बाद हाथ, चाकू और कटिंग बोर्ड अच्छी तरह साफ करें।

वैक्सीन के साथ सावधानी भी जरूरी

भारत की यह स्वदेशी वैक्सीन पोल्ट्री सेक्टर के लिए बड़ी उम्मीद है। लेकिन बर्ड फ्लू पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के लिए सिर्फ टीकाकरण काफी नहीं होगा। नियमित निगरानी, साफ-सफाई और संक्रमित पक्षियों की समय पर पहचान भी जरूरी है। यानी वैक्सीन से सुरक्षा की नई उम्मीद जरूर जगी है, लेकिन सतर्कता अब भी सबसे बड़ा बचाव है।

Disclaimer: यह जानकारी विशेषज्ञों की राय पर आधारित, लेकिन व्यक्तिगत चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं।


ये भी पढ़ें: 5वें नंबर पर पहुंची रामायण! क्या दंगल को कांटे की टक्कर देने वाली है फिल्म?