नई दिल्ली: दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अपनी फिटनेस और सेहत का राज साझा किया है। दशकों तक फिल्म और राजनीति में सक्रिय रहने वाले सिन्हा ने बताया कि वह अपनी डाइट, घर के खाने और नियमित व्यायाम के जरिए खुद को फिट रखते हैं। उन्होंने अपनी स्वस्थ जीवनशैली का श्रेय पत्नी पूनम सिन्हा को दिया।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उनकी डाइट की पूरी जिम्मेदारी उनकी पत्नी संभालती हैं और वही तय करती हैं कि उन्हें क्या और किस तरह खाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मेरे खाने की पूरी व्यवस्था मेरी पत्नी के हाथ में है। उन्होंने खुद यह जिम्मेदारी ली है कि मैं क्या खाऊं और कैसे खाऊं।"
ज्यादातर खाते हैं घर का खाना
शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कि वह ज्यादातर समय घर का बना खाना ही खाते हैं। शूटिंग, यात्रा या किसी कार्यक्रम में जाने के दौरान भी वह अपनी डाइट को लेकर काफी अनुशासित रहते हैं। उन्होंने कहा, "99 प्रतिशत समय मैं जहां भी जाता हूं, घर का खाना ही खाता हूं। वह भी पत्नी पूनम सिन्हा की निगरानी में बना हुआ।"
उन्होंने बताया कि वह कम मात्रा में खाना खाते हैं, लेकिन समय का ध्यान रखते हैं और दो भोजन के बीच सही अंतर बनाए रखने की कोशिश करते हैं।
योग और हल्की एक्सरसाइज पर जोर
फिटनेस को लेकर शत्रुघ्न सिन्हा ने योग, सांस से जुड़े व्यायाम और हल्की शारीरिक गतिविधियों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार एक्सरसाइज करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "जो कर सकते हैं, वह करें। हल्की एक्सरसाइज करें, ब्रीदिंग एक्सरसाइज करें, योग करें। ये सभी चीजें जीवन में फिट रहने के लिए काफी फायदेमंद हैं।"
'Toxic' किताब लॉन्च कार्यक्रम में पहुंचे थे शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा ये बातें डॉ. मुकेश बत्रा की किताब 'Toxic: Stories, Science and Remedies for a Cleaner Mind, Body and Spirit' के लॉन्च कार्यक्रम के दौरान कहीं।
इस कार्यक्रम में बीजेपी नेता और पशु अधिकार कार्यकर्ता मेनका गांधी भी मौजूद थीं। किताब में शारीरिक, डिजिटल, मानसिक, भावनात्मक और रिश्तों से जुड़ी नकारात्मकता (Toxicity) पर चर्चा की गई है।
डॉ. मुकेश बत्रा ने कहा कि आज कोई भी पेशा तनाव से अछूता नहीं है। उन्होंने मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बातचीत करने की जरूरत पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: रूमर्ड गर्लफ्रेंड संग बप्पा के दर्शन करने पहुंचे थे गोविंदा, सुनीता आहूजा का छलका दर्द, कहा-'इंसान धोखेबाज होते हैं'