बॉलीवुड एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपने बेबाक अंदाज और खुलकर राय रखने के लिए सुर्खियों में रहती हैं। अब उनका एक नया बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यह बयान ऐसे समय में आया है, जब गोविंदा को मुंबई के लालबागचा राजा पंडाल में उनकी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ देखा गया।

सुनीता ने इंसानों और जानवरों को लेकर क्या कहा?

गणेश चतुर्थी के मौके पर सुनीता आहूजा भी लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंची थीं। कुछ घंटे बाद गोविंदा भी इसी पंडाल में कोमल रानी के साथ नजर आए। अगले दिन मुंबई एयरपोर्ट पर पैपराजी से बातचीत के दौरान सुनीता ने अपने पेट डॉग विंटर का जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि उनका डॉग हमेशा उन्हें छोड़ने के लिए आता है। इसी बातचीत में सुनीता ने इंसानी रिश्तों और जानवरों की वफादारी की तुलना करते हुए कहा कि इंसानों को कितना भी प्यार दो, वे धोखा दे देते हैं, जबकि पेट्स हमेशा साथ रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इंसानों से बेहतर जानवर होते हैं। सुनीता ने हालांकि इस दौरान न तो गोविंदा का नाम लिया और न ही कोमल रानी का।

कोमल रानी के साथ नजर आए थे गोविंदा

गोविंदा सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर लालबागचा राजा पहुंचे थे, जबकि कोमल रानी साड़ी में नजर आईं। दोनों ने साथ में गणपति के दर्शन किए और अंतिम आरती में भी शामिल हुए। उनकी साथ में मौजूदगी ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि सुनीता उसी दिन पहले वहां दर्शन कर चुकी थीं।

गोविंदा और कोमल रानी फिल्म 'रूपा' में साथ काम कर रहे हैं। कोमल के साथ गोविंदा की सार्वजनिक मौजूदगी को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रही हैं।

तलाक की खबरों से भी जुड़ा रहा है नाम

गोविंदा और सुनीता की शादीशुदा जिंदगी को लेकर पिछले कुछ समय से मीडिया में कई तरह की खबरें सामने आती रही हैं। सुनीता और उनके बेटे यशवर्धन को मुंबई की फैमिली कोर्ट के बाहर भी देखा गया था। बाद में गोविंदा के मैनेजर ने बताया था कि सुनीता अभिनेता के खिलाफ तलाक की याचिका वापस लेने के लिए कोर्ट पहुंची थीं।

ये भी पढ़ें: Mahindra Thar OG हुई लॉन्च! नए लुक और दमदार फीचर्स ने मचाई धूम

इससे पहले सुनीता ने गोविंदा के कोमल रानी के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आने पर मजाकिया अंदाज में उन्हें 'शुगर डैडी' भी कहा था। अब उनके ताजा बयान ने एक बार फिर दोनों की पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है।