Maatrubhumi Trailer Out: बॉलीवुड के दबंग खान यानी सलमान खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर देशभक्ति का जज्बा दिखाने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म 'मातृभूमि' का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है। ट्रेलर सामने आते ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसमें सलमान खान दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रहे हैं। देश की रक्षा के लिए दुश्मनों से मुकाबला करते सलमान का अंदाज फैंस को काफी पसंद आ रहा है।
सैनिकों की जिंदगी और परिवारों का दर्द दिखाएगी फिल्म
'मातृभूमि' का ट्रेलर सिर्फ एक्शन और युद्ध के दृश्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सैनिक की जिंदगी के उन पहलुओं को भी सामने लाता है, जिनके बारे में अक्सर कम बात होती है। फिल्म में दिखाया गया है कि एक सैनिक के लिए देश की सेवा और सुरक्षा सबसे पहले होती है, लेकिन इस जिम्मेदारी के पीछे उसका परिवार भी कई तरह के दर्द और मुश्किलों से गुजरता है।
एक तरफ सैनिक सीमा पर देश की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगाते हैं, तो दूसरी तरफ उनके परिवार हर दिन इस चिंता में जीते हैं कि उनका अपना सुरक्षित घर लौटेगा या नहीं। अपनों के इंतजार में बीतते दिन और अनिश्चितता का दर्द फिल्म की कहानी को भावनात्मक बनाता है।
युद्ध में किसी की असली जीत नहीं होती!
ट्रेलर का सबसे खास संदेश युद्ध की वास्तविक कीमत को उजागर करना है। फिल्म यह बताने की कोशिश करती है कि युद्ध में किसी की असली जीत नहीं होती। दोनों तरफ सैनिकों की जान जाती है, परिवार बिखरते हैं और इंसानियत को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ती है।
4 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी 'मातृभूमि'
सलमान खान की दमदार परफॉर्मेंस, एक्शन और भावनात्मक कहानी ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'मातृभूमि' 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि देशभक्ति, परिवार और युद्ध के दर्द को समेटे यह फिल्म दर्शकों के दिलों पर कितना असर छोड़ पाती है।
ये भी पढ़ें: मेरे एक्स हसबैंड का नाम मत घसीटो! माही विज ने लव गिल को लगाई जमकर फटकार