रसोई में रोजाना इस्तेमाल होने वाला चाकू समय के साथ अपनी धार खो देता है। शुरुआत में जिस चाकू से सब्जियां और फल आसानी से कट जाते हैं, वही कुछ समय बाद टमाटर जैसी नरम चीजों को काटने में भी परेशानी पैदा करने लगता है। चाकू की धार कम होने के वजह से काम करने के लिए अधिक दबाव लगाना पड़ता है, जिससे ब्लेड फिसलने और चोट लगने का जोखिम बढ़ सकता है। अच्छी बात यह है कि सामान्य तौर पर चाकू की धार को बेहतर करने के लिए हर बार उसे बाहर ले जाने की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान तरीकों से घर पर ही इसकी धार सुधारी जा सकती है।

कैसे पहचानें की चाकू की धार कम हो गई है?

चाकू की धार जांचने के लिए कागज का एक टुकड़ा लें और उसे सीधा पकड़कर चाकू से काटने की कोशिश करें। यदि ब्लेड आसानी से कागज में प्रवेश करके उसे साफ काट देता है, तो धार अभी ठीक हो सकती है, लेकिन अगर चाकू कागज को फाड़ता है, अटकता है या काटने के लिए काफी दबाव लगाना पड़ता है, तो धार कमजोर हो चुकी है।

पके टमाटर से भी इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। चाकू को बिना ज्यादा दबाव दिए टमाटर की सतह पर चलाएं। तेज धार वाला ब्लेड त्वचा को आसानी से काट देगा, जबकि चाकू की धार कम होने से टमाटर दब या कुचल सकता है।

घर पर चाकू तेज करने के तरीके

शार्पनिंग स्टील का इस्तेमाल करें

हल्की चाकू की धार को ठीक करने के लिए शार्पनिंग स्टील उपयोगी हो सकता है। यह आमतौर पर ब्लेड से ज्यादा धातु हटाने के बजाय धार को सही स्थिति में लाने में मदद करता है। ब्लेड को स्टील के साथ लगभग 20 डिग्री के कोण पर रखते हुए दोनों तरफ से हल्के स्ट्रोक दें।

 व्हेटस्टोन से धार बनाएं

बहुत ज्यादा चाकू की धार के लिए व्हेटस्टोन अधिक प्रभावी विकल्प हो सकता है। इस्तेमाल से पहले स्टोन को निर्माता के निर्देश के अनुसार तैयार करें और उसे फिसलने से रोकने के लिए स्थिर सतह पर रखें। ब्लेड को लगभग 15-20 डिग्री के कोण पर रखते हुए नियंत्रित तरीके से दोनों तरफ चलाएं। सही कोण और समान दबाव बनाए रखना जरूरी है।

सिरेमिक कप का इस्तेमाल

आपात स्थिति में बिना ग्लेज वाले सिरेमिक कप या मग का खुरदरा निचला किनारा अस्थायी विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। कप को उल्टा और स्थिर रखकर ब्लेड को उसके खुरदरे हिस्से पर सावधानी से चलाएं। इस तरीके में अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।

मैनुअल शार्पनर अपनाएं

मैनुअल शार्पनर शुरुआती लोगों के लिए अपेक्षाकृत आसान विकल्प है। ब्लेड को दिए गए स्लॉट में रखकर हल्के हाथ से पीछे की ओर खींचें। जरूरत से ज्यादा बार ऐसा करने से बचें।

सैंडपेपर का इस्तेमाल

जरूरत पड़ने पर महीन सैंडपेपर को समतल लकड़ी के ब्लॉक पर सुरक्षित करके इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्लेड को एक समान कोण पर रखते हुए दोनों तरफ नियंत्रित स्ट्रोक दें। हालांकि, यह तरीका विशेषज्ञ शार्पनिंग टूल का सटीक विकल्प नहीं है।

चाकू तेज करते समय सावधानियां

धार बनाते समय बहुत ज्यादा दबाव न डालें और ब्लेड का कोण बार-बार न बदलें। हाथ और उंगलियों को ब्लेड के रास्ते से दूर रखें। व्हेटस्टोन या अन्य उपकरण को इस्तेमाल के दौरान स्थिर रखना भी जरूरी है। साथ ही, बार-बार शार्प करने से बचें, क्योंकि धार बनाने की प्रक्रिया में कुछ धातु हटती है।

ये भी पढ़ें- कुल्हड़ में चाय पीना तो ठीक… लेकिन दोबारा क्यों नहीं कर सकते हैं इस्तेमाल? वजह हैरान करने वाली

चाकू की धार लंबे समय तक कैसे बचाएं?

चाकू को कांच, पत्थर या धातु जैसी कठोर सतहों पर इस्तेमाल न करें। लकड़ी या उपयुक्त प्लास्टिक का कटिंग बोर्ड बेहतर विकल्प है। इस्तेमाल के बाद चाकू को साफ करके सुरक्षित स्थान पर रखें और उसे दूसरे धातु के बर्तनों के साथ इस तरह न रखें कि ब्लेड लगातार टकराता रहे। इससे चाकू की धार लंबे समय तक बेहतर बनी रह सकती है।