अभिनेता रणवीर शौरी ने अभिनेत्री पूजा भट्ट के साथ अपने पुराने रिश्ते और उससे जुड़े विवाद पर राहुल भट्ट की हालिया टिप्पणियों के बाद प्रतिक्रिया दी है। एक्स पर रणवीर ने कहा कि वह लंबे समय से चले आ रहे इस मामले को खत्म करना चाहते थे, लेकिन राहुल की हालिया बातचीत के बाद उन्हें कहानी के कुछ छूटे हुए हिस्सों पर बात करना जरूरी लगा।

राहुल भट्ट की बातचीत के बाद आया रिएक्शन

सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में राहुल भट्ट ने रणवीर और पूजा भट्ट के बीच हुए कथित विवाद को याद किया। राहुल के मुताबिक, उस दौरान उन्होंने बीच-बचाव किया और उनकी प्रतिक्रिया जरूरत से ज्यादा हो गई। उन्होंने रणवीर की कार का शीशा तोड़ने और उन्हें चोट पहुंचाने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उस समय कानून अपने हाथ में लेना उनकी गलती थी। राहुल ने यह भी कहा कि उन्हें अपने व्यवहार पर पछतावा है। उन्होंने रणवीर की प्रशंसा करते हुए दावा किया कि बाद में रणवीर ने मामला आगे बढ़ाने के बजाय उसे खत्म करने की पहल की।

रणवीर ने कही ये बात

राहुल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रणवीर ने एक्स पर लिखा कि दो दशक से अधिक समय से चल रहे कथित 'बुरे प्रचार' के बीच अब कुछ सच सामने आया है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी 'टॉक्सिक इंसान' से बचने के लिए हिंसा के खिलाफ खुद का बचाव करना किसी को 'मारना' नहीं माना जाना चाहिए। 

Ranvir Shorey's tweet

एक यूज़र के सवाल पर रणवीर ने यह भी बताया कि उन्होंने राहुल को क्यों माफ किया। उनके मुताबिक, यह फैसला राहुल के पिता और उनकी बहन के साथ अपने रिश्ते के सम्मान में लिया गया था।

पूजा भट्ट और रणवीर शौरी का रिश्ता

रिपोर्ट्स के अनुसार, रणवीर और पूजा करीब दो से तीन साल तक रिश्ते में रहे थे। दोनों के अलग होने के बाद एक-दूसरे पर कई आरोप लगाए गए। पूजा ने रणवीर पर कथित मारपीट का आरोप लगाया था, जबकि रणवीर ने इन आरोपों से इनकार किया और परिवार की ओर से अपने खिलाफ झूठी कहानियां फैलाए जाने का आरोप लगाया। बाद में रणवीर ने Bigg Boss OTT 3 में इस विवाद को अपनी जिंदगी का बड़ा स्कैंडल बताया था।


Disclaimer: इस खबर में पुराने निजी विवादों और सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों का जिक्र है, जिनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। इसका उद्देश्य केवल जानकारी प्रदान करना है।


ये भी पढ़ें: काजल राघवानी ने खोला दिल का राज! खेसारी लाल को लेकर कही ये बात