Karan wahi: टीवी अभिनेता करण वाही इन दिनों ‘बिग बॉस 20’ में संभावित वाइल्ड कार्ड एंट्री को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर पिछले कुछ समय से ऐसी अटकलें चल रही थीं कि अभिनेता जल्द ही सलमान खान के रियलिटी शो में बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं। हालांकि, अब करण वाही ने खुद इन चर्चाओं को स्पष्ट करते हुए अफवाहों पर विराम लगा दिया है।

करण वाही ने बताया किस बारे में कर रहे थे बात

हाल ही में फैंस के साथ इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान करण से ‘बिग बॉस 20’ में उनकी एंट्री को लेकर सवाल किया गया। अभिनेता ने मजाकिया अंदाज में साफ किया कि उनके पुराने बयान का 'बिग बॉस' से कोई संबंध नहीं था। वह अपने पसंदीदा कार्ड गेम UNO की बात कर रहे थे।

करण ने कहा,'मैं यूएनओ के बारे में बात कर रहा था...मेरा पसंदीदा कार्ड। तुमलोग को भी चिल नहीं है लाइफ में। हर चीज का मतलब कुछ और बनाना होता है। मैं बिग बॉस में आ रहा हूं... कम से कम इस साल नहीं।' उनके इस जवाब के बाद फिलहाल उनकी 'बिग बॉस 20' में एंट्री को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। 

उदिति सिंह की वजह से भी बढ़ी थीं अटकलें

करण की बिग बॉस में एंट्री की चर्चा का एक कारण शो में मौजूद उदिति सिंह भी बताई जा रही हैं। खबरों के मुताबिक, उदिति और करण कभी रिलेशनशिप में थे और दोनों 2022 में अलग होने से पहले दो साल से ज्यादा समय तक साथ थे।

शो के दौरान उदिति ने अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए भावुक होकर कुछ बातें शेयर कीं। हालांकि उन्होंने करण का नाम नहीं लिया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर उनका एक्स भी शो में आ जाता, तो वह उसके साथ किसी अन्य कंटेस्टेंट की तरह ही व्यवहार करतीं।

शादी को लेकर भी गंभीर थे दोनों

उदिति ने काज़ी तौकीर, माही विज और अमन गांधी के साथ बातचीत में अपने पुराने रिश्ते के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वह और उनके पूर्व पार्टनर रिश्ते को लेकर गंभीर थे और शादी तक की बात हुई थी।

उदिति के मुताबिक, COVID-19 लॉकडाउन के दौरान वह भारत आई थीं और करण के करीब रहते हुए एक MNC में नौकरी तलाश रही थीं। उन्होंने बताया कि दोनों ने डेटिंग के साथ-साथ भविष्य और शादी को लेकर भी गंभीरता से सोचा था।

ब्रेकअप की बात करते हुए उदिति भावुक हो गईं। इस दौरान माही विज और अन्य कंटेस्टेंट्स उन्हें सांत्वना देते नजर आए। उदिति ने यह भी कहा कि वह लंबे समय पहले इस रिश्ते से आगे बढ़ चुकी हैं।

करण फिलहाल 'खतरों के खिलाड़ी 15' का हिस्सा

बिग बॉस में एंट्री की चर्चाओं के बीच करण वाही फिलहाल 'खतरों के खिलाड़ी 15' में नजर आ रहे हैं। ऐसे में उनके प्रशंसकों के लिए उनका यह बयान महत्वपूर्ण है कि वह कम से कम इस साल 'बिग बॉस' के घर में प्रवेश नहीं करने वाले हैं।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में बाढ़ का कहर, भामरागढ़ से 3 गंभीर मरीजों का एयरलिफ्ट

फिलहाल करण और उदिति से जुड़े पुराने रिश्ते की चर्चा ने शो के दर्शकों की दिलचस्पी जरूर बढ़ा दी है, लेकिन करण के बयान के बाद उनकी संभावित वाइल्ड कार्ड एंट्री को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।