मुंबई: दिशा सालियान केस में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान गुरुवार को अपने वकील के साथ मुंबई स्थित CBI कार्यालय पहुंचेंगे और मामले से जुड़े कई अहम सबूत जांच एजेंसी को सौंपेंगे।
जानकारी के मुताबिक, सतीश सालियान CBI अधिकारियों से संबंधित लोगों को जल्द पूछताछ के लिए बुलाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी कर सकते हैं।
आदित्य ठाकरे और सतीश सालियान के बीच कानूनी विवाद
यह घटनाक्रम शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और सतीश सालियान के बीच चल रहे कानूनी विवाद के बीच सामने आया है। इससे पहले सतीश सालियान की ओर से आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा गया था।
आदित्य ठाकरे ने इस नोटिस का जवाब देते हुए आरोपों को खारिज किया है। उनके कानूनी जवाब में कहा गया कि सोशल मीडिया पोस्ट में सतीश सालियान का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया गया था और मानहानि के आरोपों को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
500 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग
सतीश सालियान के वकील ने पहले बताया था कि कानूनी नोटिस में आदित्य ठाकरे से माफी मांगने और 500 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की गई है।
वहीं, आदित्य ठाकरे की ओर से भेजे गए जवाब में नोटिस की मांगों को निराधार और कानूनी रूप से अस्थिर बताया गया है।
2020 में हुई थी दिशा सालियान की मौत
बता दें कि दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई में हुई थी। उनकी मौत को शुरुआती तौर पर Accidental Death Report (ADR) के रूप में दर्ज किया गया था। दिशा की मौत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से कुछ दिन पहले हुई थी, जिसके बाद यह मामला लंबे समय तक चर्चा में रहा।
यह भी पढ़ें: रणबीर कपूर का ‘लव एंड वॉर’ से पहला लुक आउट, खून से लथपथ अंदाज ने बढ़ाई एक्साइटमेंट