Ajinkya Rahane Retirement: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व टेस्ट उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है। पिछले तीन सालों से भारतीय टीम से बाहर चल रहे रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर पर विराम लगा दिया। ​रहाणे, जिन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, लंबे समय से खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने सीमित ओवरों में अपना आखिरी वनडे 2018 और टी-20 इंटरनेशनल 2016 में खेला था।

​ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक जीत के रहे नायक
​अजिंक्य रहाणे को टेस्ट क्रिकेट में उनकी शांत कप्तानी और संकटमोचक पारियों के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका सबसे यादगार क्षण 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी रही, जहां विराट कोहली की अनुपस्थिति और प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों के बावजूद उनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर 2-1 से हराकर ऐतिहासिक सीरीज जीती थी। जिंदगी में हर चीज की शुरुआत और अंत होता है।

​रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए 36 वर्षीय रहाणे ने अपनी भावुक स्पीच में लिखा कि मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में टाइमिंग पर भरोसा किया है और इसकी अहमियत को समझा है। आज मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का सही समय है। डोंबिवली से एक छोटे लड़के के रूप में प्रैक्टिस के लिए निकलने से लेकर भारत की कैप पहनने तक, मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया।

​उन्होंने आगे कहा कि अजिंक्य का मतलब है जिसे हराया न जा सके, लेकिन क्रिकेट में हम सफल होने से ज्यादा बार फेल होते हैं। मेरी टीम मैच हारी, मैंने गलतियां कीं, लेकिन एक जगह मैं कभी नहीं हारा और वो थे आपके दिल। आपके प्यार और सपोर्ट के लिए धन्यवाद। कैप नंबर 278 अब विदा लेता है।

​रहाणे का अंतरराष्ट्रीय करियर एक नजर में
​टेस्ट डेब्यू: 2013 (बनाम ऑस्ट्रेलिया)
​आखिरी टेस्ट: 2023 (बनाम वेस्टइंडीज)
​विशेष पहचान: टेस्ट टीम में विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा के साथ मिडिल ऑर्डर की मजबूत रीढ़।
​भविष्य की योजना: रहाणे ने संकेत दिए हैं कि वह खेल से जुड़े रहेंगे और युवा पीढ़ी को मेंटर करने तथा क्रिकेट को वापस देने का काम करेंगे। 

Written by Shailesh Yadav