इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा ((UNGA) में संबोधन की शुरुआत होते ही कई देशों के प्रतिनिधि सभागार से बाहर चले गए। दूसरी ओर, इजरायल के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर नेतन्याहू के समर्थन में तालियां बजाते दिखाई दिए।

प्रतिनिधियों के वॉकआउट पर नेतन्याहू का तंज

भाषण शुरू करने से पहले नेतन्याहू ने सभागार से बाहर जा रहे प्रतिनिधियों पर तंज कसा, उन्होंने कहा कि अगर कोई और ‘नैतिक रूप से कायर’ प्रतिनिधि अभी भी हॉल में मौजूद है, तो वह भी बाहर जा सकता है।

अपने संबोधन के दौरान नेतन्याहू ने इजरायल की आलोचना करने वाले देशों, प्रदर्शनकारियों और राजनयिकों पर सवाल उठाए, उन्होंने खास तौर पर ईरान का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां की मौजूदा सत्ता हमेशा कायम नहीं रहेगी और अंततः उसका पतन होगा।

ईरान को लेकर नेतन्याहू का दावा

नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के लोग एक दिन आजादी हासिल करेंगे। उनके मुताबिक, मौजूदा ईरानी शासन कथित तौर पर झूठ, भ्रष्टाचार और दमन के कारण अंततः खत्म हो जाएगा।

उन्होंने इजरायल की आलोचना करने वाले प्रदर्शनकारियों और राजनयिकों से यह भी पूछा कि वे ईरान की गतिविधियों तथा मध्य पूर्व में ईसाइयों के खिलाफ होने वाले कथित उत्पीड़न पर सवाल क्यों नहीं उठाते।

नेतन्याहू ने इजरायल में ईसाई आबादी को लेकर भी दावा किया, उन्होंने कहा कि इजरायल ऐसा देश है जहां ईसाई समुदाय की संख्या बढ़ रही है और वह आगे बढ़ रहा है।

भाषण के अंत में उन्होंने इजरायल के अस्तित्व को लेकर कहा कि देश कभी कमजोर नहीं पड़ेगा, क्योंकि उसके पास अपने अस्तित्व की रक्षा करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

भाषण के बीच नेतन्याहू ने क्यों दिखाया पेजर?

नेतन्याहू ने अपने संबोधन के दौरान अचानक एक पेजर हाथ में उठा लिया और सभागार में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या उन्हें ये उपकरण याद हैं। इसके बाद उन्होंने हिजबुल्लाह का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन को ये पेजर जरूर याद होंगे।

उनका इशारा सितंबर 2024 में लेबनान में हुए पेजर विस्फोटों की ओर था। इस घटना में एक साथ बड़ी संख्या में पेजर और बाद में अन्य संचार उपकरणों में विस्फोट हुए थे। रिपोर्टों के मुताबिक, इस घटना में कई लोगों की मौत हुई और हजारों लोग घायल हुए थे।

पेजर दिखाते हुए नेतन्याहू ने दावा किया कि इजरायल ने कई मोर्चों पर जारी संघर्ष के दौरान हमास और हिजबुल्लाह को भारी नुकसान पहुंचाया है। पेजर का जिक्र किए जाने के बाद सभागार में मौजूद कुछ लोगों की ओर से तालियां बजाने की आवाज भी सुनाई दी।

 

ये भी पढ़ें- देश के 15 राज्यों में बारिश का दौर जारी, 5 राज्यों में फ्लैश फ्लड का खतरा