देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 25 सितंबर को देश के करीब 15 राज्यों में अलग-अलग तीव्रता की बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग ने ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, झारखंड और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई है।

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सक्रिय

IMD के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास तेज हवाएं चल रही हैं।

दक्षिण ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और यनम के तटीय इलाकों में हवा की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रह सकती है। हवा के झोंकों के दौरान इसकी गति करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

इस बीच दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी जारी है। मानसून की वापसी वाली रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया से होकर गुजर रही है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

आज दिल्ली-NCR में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। 26 सितंबर को दिल्ली के कई हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि तेज झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिलेगा। वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र, चंदौली और मिर्जापुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। राज्य में बारिश का यह सिलसिला 27 सितंबर तक बने रहने का अनुमान है।

बिहार में बारिश के साथ तेज हवाओं का असर

बिहार के कई हिस्सों में को भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी दी है। हवा की गति 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में बारिश और खराब मौसम का असर 26 सितंबर तक जारी रह सकता है।

हिमाचल प्रदेश में अगले दिनों में बढ़ेगी बारिश

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 26 सितंबर को कांगड़ा, मंडी और शिमला सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में 28 सितंबर तक बारिश का दौर

उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला 28 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें- जमुई कांड की पीड़िता की तस्वीर को लेकर विवाद, तेजस्वी यादव ने CM सम्राट चौधरी पर कार्रवाई की मांग की

ओडिशा में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा

डीप डिप्रेशन के प्रभाव से ओडिशा में बारिश का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी परिस्थितियां बन गई हैं। प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ कुछ इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में ओडिशा के कई दक्षिणी जिलों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, 26 सितंबर के बाद मौसम की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार आने की उम्मीद है।