Saudi Arabia: भारतीय दूतावास ने सुरक्षा हालात को लेकर भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों और क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय दूतावास ने नई एडवाइजरी जारी कर लोगों से शांत रहने, जरूरत के मुताबिक घरों के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है। हूती हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत भी हो गई थी। भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।

भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में स्थित भारतीय दूतावास ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा,

मौजूदा हालात को देखते हुए, सभी भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते रहें, हवाई हमले की स्थिति में घर के अंदर ही रहें और चल रही घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरें फैलाने से बचें।

10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल हुए 2 भारतीय नागरिक अभी भी ICU में हैं, जबकि 1 को ICU से HDU (हाई डिपेंडेंसी यूनिट) में शिफ्ट कर दिया गया है। 4 और भारतीय नागरिकों का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है और 1 व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उड़ान सेवाएं अभी भी बंद हैं। दम्मम, जेद्दा और मदीना में उड़ान सेवाएं कुछ रुकावटों के साथ जारी हैं।

भारतीय एयरलाइंस (एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, आकासा एयर और इंडिगो एयरलाइंस) ने 17 अक्टूबर, 2026 तक सऊदी अरब के लिए और वहां से आने-जाने वाली उड़ानें रोक दी हैं।

सऊदी एयरलाइंस दम्मम, जेद्दा और मदीना से तय समय के अनुसार उड़ानें संचालित कर रही है। फ्लाईनास दम्मम-लखनऊ रूट पर तय समय के अनुसार उड़ानें संचालित कर रही है।

भारतीयों के लिए शुरू किया गया कंट्रोल रूम

सऊदी अरब में भारतीयों की मदद के लिए दूतावास ने 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम शुरू किया है। इससे टेलीफ़ोन नंबर +966-11-488469 या सऊदी अरब के अंदर से कॉल करने के लिए टोल-फ़्री नंबर 8002471234 पर संपर्क किया जा सकता है। WhatsApp नंबर +966-536216082 पर मैसेज या cw.rivadh@mea.gov.in पर ईमेल भी भेजा जा सकता है।