Pakistan Suicide Attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को पुलिस कंपाउंड की मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। हमले में 80 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों में बड़ी संख्या पुलिसकर्मियों की बताई जा रही है। कई घायलों की हालत गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
नमाज के दौरान विस्फोटक कार लेकर पहुंचा हमलावर
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस समय पुलिस अधिकारी और उनके परिवार के सदस्य कंपाउंड के अंदर बनी मस्जिद में नमाज पढ़ रहे थे, उसी दौरान विस्फोटक से भरी एक कार पुलिस परिसर में दाखिल हुई। हमलावर ने कार को मस्जिद के प्रवेश द्वार की दीवार से टकरा दिया, जिसके बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इमारत का एक हिस्सा ढह गया। धमाके के बाद पूरे इलाके में धुआं और मलबा फैल गया। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों समेत 31 लोगों की मौत
सूत्रों के मुताबिक, हमले में मारे गए लोगों में एक SP रैंक के अधिकारी, एक डिप्टी SP और काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट के तीन इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद करीब 80 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कई पुलिसकर्मी शामिल हैं और कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आत्मघाती हमलावर के साथ बंदूकधारियों की भी आशंका
अधिकारियों का मानना है कि विस्फोटक से भरी कार चलाने वाले आत्मघाती हमलावर के अलावा तीन से पांच हथियारबंद हमलावरों ने भी पुलिस कंपाउंड में घुसने की कोशिश की। चश्मदीदों के अनुसार, जब हमलावरों ने परिसर में जबरन दाखिल होने की कोशिश की तो गोलीबारी भी हुई। धमाके के बाद सामने आई तस्वीरों में परिसर में भारी नुकसान और मलबा दिखाई दिया। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।
किस संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी?
शुक्रवार देर रात तक किसी संगठन ने आधिकारिक तौर पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। हालांकि, इस हमले के पीछे 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान' (IMP) पर संदेह जताया गया। यह क्षेत्र में सक्रिय तीन आतंकी गुटों का गठबंधन बताया जाता है।
बाद में 'इंकलाबी इस्लामी पाकिस्तान' (IMP) से जुड़े होने का दावा करने वाले टेलीग्राम अकाउंट्स ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। इन अकाउंट्स के मुताबिक, संगठन की 'अल-बद्र' आत्मघाती इकाई ने काउंटर-टेररिज्म डिपार्टमेंट परिसर में आत्मघाती हमला किया।