नई दिल्ली: संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण पर भारत ने करारा जवाब दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने अपने अधिकार का इस्तेमाल करते हुए आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधा है।
आतंकवाद पर भारत ने पाकिस्तान पर साधा निशाना
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने पाकिस्तान को जवाब देते हुए कहा है कि 'आज दोपहर महासभा ने पाकिस्तान के प्रतिनिधि की कुछ अजीब टिप्पणियां सुनीं। यह सब तब हुआ है जब न्यूयॉर्क शहर और दुनिया ने भयानक 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी मनाई है।'
आतंकवाद में गहरी श्रद्धा दिखाने वाला पाकिस्तान
पेटल गहलोत ने कहा कि 'इस संदर्भ को ध्यान में रखना जरूरी है, क्योंकि इस हमले का मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन, पाकिस्तानी सेना की मुख्य अकादमी के ठीक पास रह रहा था। उन्होंने कहा कि यही वह संस्था है जिकसे सामने पाकिस्तान के प्रतिनिधि ने अपनी गहरी श्रद्धा दिखाई। लेकिन पाकिस्तान के लोग जिसे खुद 'फॉर्म 47 सरकार' कहते हैं, उससे ऐसी ही उम्मीद की जा सकती है।'
पाकिस्तान में सेना का, सेना द्वारा एवं सेना के लिए शासन
इस संदर्भ में पेटल गहलोत ने कहा कि, 'हमने लोकतांत्रिक अधिकारों एवं मानवीय मूल्यों पर एक ऐसे शासन की ओर से पाखंडी उपदेश सुने, जिसकी राजधानी इस समय अपने ही लोगों के खिलाफ मजबूत की जा रही है और ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि यह सेना का, सेना द्वारा और सेना के लिए शासन है। उनके कठपुतली आते-जाते रह सकते हैं, लेकिन हमें इस भ्रम में नहीं रहना चाहिए कि फैसले कौन करता है।'
जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग एवं अविभाज्य हिस्सा
पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए पेटल गहलोत ने कहा कि 'पाकिस्तान की वास्तविकता उसके 27वें संशोधन व उसके वास्तविक शासक को दी गई आजीवन प्रतिरक्षा में व्यक्त होती है। हमने जो विचार सुने, वे उन लोगों की ओर से आए हैं, जिनका कट्टरता और नफरत का लंबा रिकॉर्ड रहा है। वे दिन में सुरक्षा बनाए रखने का दावा करते हैं, जबकि रात में वास्तव में आतंकवाद को अंजाम देते हैं।' इसके साथ ही उन्होंने कश्मीर मुद्दे को लेकर कहा कि 'भारतीय संघ के केंद्र शासित प्रदेश में जम्मू-कश्मीर का भी जिक्र किया गया है। यह हमारे देश का अभिन्न अंग एवं अविभाज्य हिस्सा है और हमेशा रहेगा।
ये भी पढ़ें-'फैसला अब अमेरिका के हाथ में...,' 3 प्रस्तावों के साथ 7 दिनों में खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज!