न्यूयॉर्क : पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ एक अफगान महिला पत्रकार के सवाल पर किए गए कथित धमकी भरे इशारे को लेकर विवादों में घिर गए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान न्यूयॉर्क में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने मंत्री के व्यवहार की आलोचना की है।

रिपोर्ट के अनुसार, अफगान महिला पत्रकार ने ख्वाजा आसिफ से तालिबान की अफगान महिलाओं को लेकर नीतियों और पाकिस्तान के रुख पर सवाल किया। पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान का तालिबान के लिए अब क्या संदेश है और जब तालिबान को पाकिस्तान का मित्र माना जाता था, तब पाकिस्तान ने उनकी नीतियों को चुनौती क्यों नहीं दी।

पत्रकार के सवाल का जवाब देने के बजाय ख्वाजा आसिफ ने उनके पहनावे की ओर इशारा करते हुए कहा, “वापस ऐसे मत जाना… वरना वे…” इसके बाद उन्होंने अपने हाथ को गले के सामने ले जाकर इशारा किया।

सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस इशारे को जान से मारने की धमकी के संकेत के तौर पर देखा और इसकी आलोचना की। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि एक गंभीर सवाल पूछने वाली पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच बढ़ा तनाव

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पार तनाव जारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर हवाई और ड्रोन हमले किए। पाकिस्तान के संघीय सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने इन हमलों को ड्रोन हमलों के जवाब में की गई कार्रवाई बताया।

तरार के अनुसार, हमलों में उन स्थानों को निशाना बनाया गया, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ड्रोन लॉन्च करने और उन्हें रखने के लिए किया जा रहा था। पाकिस्तान ने इन हमलों को सैन्य ठिकानों तक सीमित और “सटीक तथा आनुपातिक” कार्रवाई बताया।

वहीं, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की कार्रवाई को आक्रामकता बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि इन हमलों में चार अफगान नागरिक मारे गए और कार्रवाई की निंदा की।

दोनों देशों के बीच सीमा पार तनाव और सैन्य कार्रवाई को लेकर स्थिति लगातार संवेदनशील बनी हुई है।

यह भी पढ़ें: UNSC Reform पर रूस का बड़ा दांव, भारत की स्थायी सदस्यता को मिला खुला समर्थन