Israel Hamas War: इजरायली सेना ने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में एक लक्षित सैन्य अभियान के दौरान हमास के वित्त विभाग के प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराने का दावा किया है। यह जानकारी इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संयुक्त बयान में दी गई। बयान में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने अभियान की पुष्टि की है।
इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायल सिक्योरिटी एजेंसी (ISA) ने संयुक्त रूप से की। इजरायली नेतृत्व ने अभियान को हमास के वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ की गई लक्षित कार्रवाई बताया है।
हमास के वित्तीय नेटवर्क को निशाना बनाने का दावा
प्रधानमंत्री नेतन्याहू और रक्षा मंत्री काट्ज ने कहा कि हमास के नेतृत्व और उसके वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इजरायल हमास के कमांडरों और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने के साथ उसके फंडिंग स्रोतों और बुनियादी ढांचे पर भी कार्रवाई जारी रखेगा। इजरायली नेतृत्व ने कहा है कि वह गाजा में हमास को दोबारा अपनी ताकत बढ़ाने की अनुमति नहीं देगा और संगठन के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रहेगा।
ड्रोन, गुब्बारे और पतंगों को लेकर भी बढ़ा तनाव
इससे पहले इजरायल ने गाजा पट्टी से इजरायल की ओर भेजे जा रहे ड्रोन, गुब्बारों और पतंगों को लेकर हमास को चेतावनी दी थी। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस मुद्दे पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी।
बैठक में इजरायली सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख और वरिष्ठ IDF अधिकारी भी शामिल हुए थे। इजरायल ने कहा था कि अगर गाजा से इस तरह के प्रक्षेपण तत्काल नहीं रुकते हैं तो वह इनके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ लक्षित हमले बढ़ाएगा। इजरायल ने यह भी कहा था कि ऐसे प्रक्षेपण स्थलों के रूप में इस्तेमाल होने वाले इलाकों से आबादी को हटाया जा सकता है।
हमास ने इजरायल पर लगाया आरोप
दूसरी ओर, हमास ने इजरायल के आरोपों को लेकर अलग रुख अपनाया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हमास के प्रवक्ता हाजेम कासिम ने कहा कि बच्चों द्वारा उड़ाई जाने वाली पतंगों को इजरायल गाजा में सैन्य कार्रवाई बढ़ाने के बहाने के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। हमास ने अमेरिका, मध्यस्थ और गारंटर देशों तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इजरायल पर दबाव बनाने की अपील की। समूह ने दावा किया कि वह युद्धविराम के लिए प्रतिबद्ध है और इजरायल की कार्रवाई से संघर्ष विराम को खतरा पैदा हो सकता है।
इजरायल के दावे की स्वतंत्र पुष्टि स्पष्ट नहीं